Haryana News: हरियाणा के रोहतक जिले के मोखरा गांव में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रदीप दहिया के रूप में हुई है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
घर पर मारी खुद को गोली
जानकारी के अनुसार, प्रदीप दहिया कल ही अपनी ड्यूटी से घर लौटे थे। उन्होंने घर में छत पर बने कमरे में इस घटना को अंजाम दिया। प्रदीप ने कथित तौर पर अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से छानबीन की जा रही है। एफएसएल टीम की रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
