Araria Road Accident: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जहां एक स्कॉर्पियों अनियंत्रित होकर पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी। इस हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जिनमें से चार लोग नाबालिग बताए जा रहे हैं। हादसे में एक व्यक्ति को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
छेका कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी लोग
जानकारी अनुसार, यह दर्दनाक हादसा बुधावर देर रात ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में हुआ। स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे, जो सुपौल जिले के पीपरा से अररिया के सिकटी स्थित भपटिया गांव में एक छेका कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते वक्त जब कार बीड़ी पुल से गुजर रही थी, इसी दौरान यह हादसे का शिकार हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीड़ी पुल के पास सड़क पर तीखा मोड़ है। इसी मोड़ पर स्कॉर्पियो अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और पुल से नीचे सीधे नदी में गिर गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ चलाया बचाव अभियान
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। नदी में गिरी स्कॉर्पियो से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को जिंदा बचाने में सफलता मिली।
हादसे में जान गंवाने वालों में चार नाबालिग
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन यादव (28), आर्यन (15), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), सौरभ (15) और यश कुमार (16) के रूप में हुई है। सभी मृतक सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

