देश

'मोदी के खिलाफ कांग्रेस के कुछ नेताओं ने जांच रोकी, इसलिए जेल जाने से बच गए', वीरप्पा मोइली का सनसनीखेज दावा

मोइली 2009 से 2011 तक यूपीए सरकार में केंद्रीय कानून मंत्री थे। अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले का उल्लेख किया। मोइली ने कहा कि इस फैसले के राजनीतिक नतीजे पार्टी को आज तक भुगतने पड़ रहे हैं।

Image

यूपीए सरकार में कानून मंत्री थे वीरप्पा मोइली।

Photo : PTI

M Veerappa Moily : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम. वीरप्पा मोइली ने मंगलवार को बड़ा दावा किया। मोइली ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान पार्टी के ही कुछ नेताओं ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच को रोक दिया था। उनके मुताबिक इसी वजह से मोदी जेल जाने से बच गए। मोइली ने कहा कि इस फैसले के राजनीतिक नतीजे पार्टी को आज तक भुगतने पड़ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मोइली पार्टी मुख्यालय में सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह आज देश के गृह मंत्री नहीं होते-मोइली

मोइली 2009 से 2011 तक केंद्रीय कानून मंत्री थे। अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले का उल्लेख किया, जिसमें तत्कालीन गुजरात गृह मंत्री अमित शाह का नाम आया था। मोइली ने कहा, 'मैं तब कानून मंत्री था। अमित शाह आज देश के गृह मंत्री नहीं होते। अदालत ने उन्हें गुजरात से बाहर किया था। उनका मुकदमा दूसरे राज्य में चलना था। वे जेल जाने वाले पहले ताकतवर नेता थे। अगला नंबर मोदी का होता।' हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया।

'अपनी ही सरकार ने रोकी जांच'

तत्कालीन गुजरात मुख्यमंत्री मोदी के खिलाफ जांच का जिक्र करते हुए मोइली ने कहा कि यह पार्टी के भीतर की त्रासदी थी। उन्होंने कहा, 'मोदी के खिलाफ पूछताछ और जांच हमारी अपनी सरकार ने रोकी।' उन्होंने साफ किया कि इसके पीछे तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नहीं थे। मोइली के अनुसार, 'यह कुछ दूसरे नेताओं की वजह से हुआ। उसी का नुकसान हम आज उठा रहे हैं।'

संगठन सुधारों पर भी निशाना

मोइली ने यह भी दावा किया कि कुछ नेताओं ने संगठनात्मक सुधारों का विरोध नहीं किया होता, तो कांग्रेस मोदी को सत्ता में आने से रोक सकती थी। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी पार्टी में 'क्रांतिकारी बदलाव' लाना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने मोइली की अध्यक्षता में एक समिति बनाई थी, जिसे यह देखना था कि कांग्रेस भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का सामना कैसे करे। मोइली के मुताबिक सोनिया गांधी समिति की सिफारिशें लागू करने को उत्सुक थीं, लेकिन कुछ नेताओं ने मौजूदा व्यवस्था से हटने में कठिनाई का हवाला देकर बदलावों का विरोध किया। उन्होंने कहा, 'आप हमारे कुछ नेताओं को जानते हैं। वे यथास्थिति से एक कदम भी आगे नहीं बढ़ते। मैं उनके नाम नहीं लेना चाहता।' उनके अनुसार आपत्तियों के कारण पूरी कवायद ठप हो गई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें