शहर

Balrampur News: बलरामपुर में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, पांच लोगों की मौत

बलरामपुर में बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में बाइकें टकराई होंगी।

Image

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा

Photo : Times Now Digital

Balrampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां दो बाइकों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा उतरौला-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ। शुरुआती सूचना में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस की प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह हादसा दो बाइकों के आपस में टकराने से हुआ। दोनों बाइकों पर कुल सात लोग सवार थे।

पांच मृतकों की हुई पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद फारूक (17) और सलीम (17) निवासी गौरियानडीह, गुफरान (18) निवासी बरदही बाजार, तौफीक (19) निवासी छपरतलवा और फजल मोहम्मद (23) निवासी चंदापुर चिताही के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान मुज्जमिल (22) और नाहिद रजा (18) के रूप में हुई है। दोनों बड़हरा कोट के रहने वाले हैं। एक घायल को गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जबकि दूसरे को उसके परिजन अपनी इच्छा से निजी अस्पताल ले गए।

पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में भिड़ीं बाइकें

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर पैदल चल रहे एक-दो राहगीरों को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकें अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं। रात के समय हल्के कोहरे को भी हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजहों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article