Delhi AQI Today: दिल्ली में वायु प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।राजधानी में जहरीली हवा के साथ स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे सुबह के वक्त कई इलाकों में विजिबिलिटी भी प्रभावित हो रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 7:05 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI बढ़कर 286 पर पहुंच गया, जबकि बुधवार को इसी समय यह 214 दर्ज किया गया था। यानी महज 24 घंटे में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। हैरानी की बात यह है कि मंगलवार को ही दिल्ली से GRAP-3 की पाबंदियां हटाई गई थीं, लेकिन इसके बाद से हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। ऐसे में एक बार फिर राजधानी की आबोहवा को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका
दिल्ली के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आज सुबह करीब 7 बजे JNU में सबसे ज्यादा 362 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा ITO में 354, IIT दिल्ली में 313, पंजाबी बाग में 314 और बुराड़ी में 325 AQI रहा। आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 265 और IGI एयरपोर्ट के आसपास 282 दर्ज किया गया।
NCR के शहरों में भी प्रदूषण का असर
दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, गुरुग्राम में AQI 273 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में यह 240 रहा। गाजियाबाद का AQI 222 और फरीदाबाद का 206 दर्ज किया गया।
JNU और ITO में सबसे ज्यादा प्रदूषण
राजधानी के आंकड़ों से साफ है कि प्रदूषण का असर सभी इलाकों में एक जैसा नहीं है। JNU और ITO जैसे इलाकों में AQI 350 के पार पहुंच गया है। वहीं, IIT दिल्ली, पंजाबी बाग और बुराड़ी में भी प्रदूषण का स्तर 300 से ज्यादा दर्ज किया गया। CPCB के इन आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 286 होने के बावजूद कई इलाकों में हवा की स्थिति ज्यादा खराब है। ऐसे में लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
