Mumbai Crime News: तलोजा पुलिस एक ऐसे ड्राइवर की तलाश कर रही है, जिसने अपने मालिक के इकबाल-ए-जुर्म को फोन में रिकॉर्ड किया है। मालिक नशे में धुत होकर अपनी बेटियों के साथ अपने अवैध संबंधों के बारे में 'कबूलनामा' कर रहा था, जिसको शातिर ड्राइवर ने अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वह मालिक और उसकी महिला लिव-इन-पार्टनर को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की जबरन वसूली कर रहा था। पुलिस ने बताया है कि फरार ड्राइवर अब तक कपल से 10.70 लाख रुपये वसूल कर चुका है।
लाखों रुपए देने के बावजूद ड्राइवर उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था, जिसके बाद मालिक की महिला लिव-इन पार्टनर ने तलोजा पुलिस में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया है कि नवी मुंबई में 45 वर्षीय महिला 55 वर्षीय व्यवसायी के साथ लिव-इन में तब से रह रही है, जब से उसके पति ने दूसरी महिला के लिए उसको छोड़ दिया था।
ड्राइवर ने ऐसे दिया घटना को अंजाम
महिला की 27, 25, 23 और 19 साल की चार बेटियां हैं, जिनमें सबसे बड़ी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। ड्राइवर के साथ लिव-इन कपल का मामला अगस्त में शुरू हुआ, जब ड्राइवर ने अपने मालिक की पार्टनर को फोन कर बताया कि उसके पार्टनर का उसकी तीन बेटियों के साथ अवैध संबंध था। ड्राइवर ने महिला को बताया कि उसने उसके पार्टनर के कबूलनामे की रिकॉर्डिंग की है। आरोपी ड्राइवर ने महिला के दामाद तक ऑडियो रिकॉर्डिंग न भेजने के लिए उससे 10 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर को फोन किया, जिसने कबूल किया कि ड्राइवर उसे भी ब्लैकमेल कर रहा था। उसने महिला को बताया कि ड्राइवर ने उसे नशे में धुत करवाया और उससे उसके और उसकी बेटियों के बारे में गलत बातें कही, जो उसकी जानकारी के बिना रिकॉर्ड की गईं।
ड्राइवर लगातार करता रहा पैसों की मांग
पुलिस ने बताया है कि लिव-इन कपल को ब्लैकमेल करने के लिए ड्राइवर ने अपने एक दोस्त को शामिल किया। इसके बाद कपल ने ड्राइवर और उसके दोस्त को तीन किस्तों में लगभग 10.70 लाख रुपये दिए। मामले पर तलोजा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र सोनवणे ने कहा है कि कपल ने ड्राइवर और उसके दोस्त के बैंक खाते में 70,000 और 4 लाख ट्रांसफर किए। इसके अलावा ड्राइवर को 6 लाख नकद में दिए। मालिक द्वारा इतनी बड़ी राशि का भुगतान करने के बावजूद ड्राइवर ने उसके दामाद को रिकॉर्डिंग नहीं भेजने के बदले में महिला से अलग से 6 लाख मांगे। तंग आकर कपल ने पुलिस से संपर्क किया और प्राथमिकी दर्ज कराई। ड्राइवर और उसका दोस्त फरार है और पुलिस की टीम उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है।
