Army officer daughter Loot: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बदमाशों के सामने पुलिस के दावे बौने साबित हो रहे हैं। बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर पुलिस भी मौन है। दरअसल, लखनऊ में वैन सवार बदमाशों ने आठ नवंबर को एक सैन्य अधिकारी की बेटी का लखनऊ के तेलीबाग से अपहरण कर लिया। इसके बाद बदमाश युवती को वैन में डालकर तेलीबाग से गोमतीनगर तक छेड़ते चले गए। युवती ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने वैन में ही उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ डाले। आरोप है कि, बदमाश युवती को एक घंटे तक वैन में घूमाते रहे। इसके बाद आरोपी पीड़िता को फन मॉल के पीछे जंगल के किनारे फेंककर फरार हो गए।
इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता का क्रेडिट कार्ड और रुपये भी लूट लिए। पीड़िता किसी तरह से घर पहुंची और पूरी वारदात की जानकारी अपनी मां को दी। दहशत में आई पीड़िता की मां ने गोमती नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
