Lucknow: लखनऊ में प्यार में फरेब के शक ने एक युवती को मौत के मुंह में पहुंचा दिया। पुलिस ने युवती ही हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। मड़ियांव की रहने वाली युवती ने मोहब्बत में जिस पुष्पेंद्र तिवारी को अपना सब कुछ मानकर उससे शादी की। उसे नहीं मालूम था कि एक दिन यही प्यार उसकी जिंदगी को खत्म कर देगा। पुलिस के मुताबिक प्यार में शक के चलते आरोपी पति ने अपनी पत्नी का कत्ल एक फिल्म की तर्ज पर अपने भाई गोविंद व दोस्त सूरज की मदद से कर डाला।
इसके बाद आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। हर बार अपने बयान बदलता रहा। जिसके चलते पुलिस का शक यकीन में बदल गया और आरोपी सहित तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया। अब पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
ये थी लव में धोखे की दास्तान
सुशांत गोल्फ सिटी थाने के एसएचओ शैलेंद्र गिरी के मुताबिक, गोंडा जनपद के छपिया स्थित मसकनवा निवासी पुष्पेंद्र तिवार 2019 में मड़ियांव में जिम में ट्रेनर था। जिम में वहीं की रहने वाली मृतका भी आती थी। इस बीच दोनों के बीच प्यार का रिश्ता पनप गया। इस दौरान आरोपी पुष्पेंद्र मॉडल बनने मुंबई चला गया। प्यार में विरह की वेदना बर्दाश्त नहीं हुई तो मृतका भी मुंबई चली गई। दोनों ने जिंदगी एक साथ बिताने का फैसला करते हुए आर्य समाज में शादी कर ली। इस बीच कोविड संकट आया तो दोनों लखनऊ लौट आए। बेरोजगार होने के बाद आरोपी पुष्पेंद्र मडियांव से गुडंवा के आदिल नगर में आकर रहने लगा। इसके बाद उसने गांव मसकनवां में फिर से जिम खोल लिया। वहीं मृतका लखनऊ में थी। वह जब भी लखनऊ जाता दोनों के बीच नोक- झोंक होती थी। आरोपी को शक हुआ कि, उसकी पत्नी का किसी और से अफेयर चल रहा है।
ऐसे रची पत्नी की मौत की कहानी
शक का दीमक संबंधों को खोखला करने लगी तो उसने एक फिल्म के दृश्य की तर्ज पर पत्नी को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा। पुलिस के मुताबिक इस योजना की पुष्टि आरोपी की व्हाट्सएप चैटिंग से हुई है। इसमें उसने अपने भाई व दोस्त को भी शामिल कर लिया। इसके बाद सोते वक्त तीनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में लाश को बहराइच स्थित घाघरा नदी में फेंक आए। घटना के बाद पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों आरोपी पकड़ में आए। वहीं पुलिस ने मृतका के भाई से दूसरी रिपोर्ट लेकर गुमशुदगी के मामले को हत्या में बदला।
