Khan Sir News: खान सर जेल जाएंगे या बेल मिलेगी, इसका फैसला कल तो हो जाएगा। दरअसल खान सर ने कोर्ट में गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर रखा है। जिसपर सुनवाई पूरी हो गई है और आज से लेकर कल तक फैसला आ जाएगा। खान सर, कोचिंग फायरिंग मामले में फरार है और पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।
खान सर के अग्रिम जमानत पर क्या-क्या हुआ?
वकील अरविंद कुमार महुआर ने आरोप लगाया कि उनके मुवक्किल को बदनाम करने की साजिश के तहत उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पटना सिविल कोर्ट में खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखे जाने पर उनके वकील अरविंद कुमार ने कहा, "आदेश पारित कर दिया गया है। इसे अभी सुरक्षित (रिजर्व) रखा गया है, और इसके बाद ही आगे के कदमों पर फैसला लिया जाएगा। मैंने सभी तथ्यों को रिकॉर्ड पर रख दिया है।"
इससे पहले खान सर के वकील ने कहा था, " प्रतिशोधात्मक कार्रवाई के तहत प्राथमिकी में खान सर का नाम जोड़ा गया है, क्योंकि उनके कर्मचारियों ने एक अन्य कोचिंग सेंटर के निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। घटना के वीडियो और तस्वीरों के आधार पर यह स्पष्ट है कि गार्डों ने सुरक्षा के उद्देश्य से हवा में गोलियां चलाई थीं। किसी को कोई चोट नहीं लगी। उन्हें फंसाने के लिए उनका नाम बयान में जोड़ा गया है।"
क्या है मामला?
’खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टिट्यूट’ में तोड़फोड़ के मामले से जुड़ी प्राथमिकी में शिक्षक और यूट्यूबर फैसल खान का नाम शामिल किया गया है। पुलिस ने कोचिंग संस्थान के दो गार्ड को हिरासत में लिया था। आरोप है कि मंगलवार रात 15-20 लोगों के एक समूह ने कोचिंग सेंटर का पोस्टर फाड़ दिया और परिसर में पथराव किया। इस दौरान दोनों गार्ड ने कथित रूप से गोलियां चलाईं। तोड़फोड़ की घटना के तुरंत बाद केजीएस के संस्थापक खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने फायरिंग की थी। हालांकि बाद में उन्होंने कहा था कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि केवल पुलिस जांच से ही हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
