JEE Main 2027 Aadhaar KYC: देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा 'जेईई मेन 2027' (JEE Main 2027) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किया है। एनटीए ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने से पहले अपनी 'आधार-केवाईसी' (Aadhaar-KYC) प्रक्रिया को समय रहते पूरा कर लें। आधार केवाईसी का मुख्य उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और सुगम बनाना है। एनटीए के अनुसार, जिन उम्मीदवारों का आधार सत्यापन यानी वेरिफिकेशन पूरा रहेगा, उन्हें फॉर्म भरते समय किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही विवरण दर्ज करने में भी आसानी होगी। ऐसे में आवेदन के दौरान होने वाली गलतियों से बचा जा सकेगा।
NTA ने क्यों दी आधार-KYC करने की सलाह?
एनटीए द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, फॉर्म भरते समय कई बार उम्मीदवारों के व्यक्तिगत विवरण जैसे नाम, जन्म तिथि, लिंग और पिता का नाम में गलतियां पाई जाती हैं, जिससे बाद में प्रवेश परीक्षा या काउंसलिंग के दौरान समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उम्मीदवारों कि इस स्थिति से गुजरना न पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए आधार वेरिफिकेशन की शुरुआत की जा रही है।
डेटा की सटीकता आधार-KYC के माध्यम से उम्मीदवार का नाम, फोटो और जन्म तिथि सीधे यूआईडीएआई (UIDAI) के रिकॉर्ड से सत्यापित हो जाती है।
फर्जीवाड़े पर रोक इस प्रक्रिया से परीक्षा में नकल या किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने (Impersonation) जैसी धांधलियों को रोका जा सकेगा।
त्वरित फॉर्म फिलिंग केवाईसी प्रक्रिया पूरी रहने से आवेदन पत्र में विवरण खुद-ब-खुद (Auto-fill) सही तरीके से दर्ज हो जाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - कर्नाटक बोर्ड ने जारी की SSLC परीक्षा की टाइम टेबल
JEE Main 2027 आधार-KYC कैसे करें?
यदि आप जेईई मेन 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन करने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपको नीचे दिए आसान स्टेप को फॉलो करना है और आप अपनी प्रक्रिया पूरी कर पाएंगे।
स्टेप 1 - सबसे पहले एनटीए जेईई मेन की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
स्टेप 2 - अब 'New Registration' के लिंक पर क्लिक करें और अपनी प्राथमिक जानकारी दर्ज करें।
स्टेप 3 - आवेदन प्रक्रिया के दौरान 'Aadhaar Verification/KYC' विकल्प को चुनें।
स्टेप 4 - अपना 12-अंकों का नंबर दर्ज करें।
स्टेप 5 - आपके आधार से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी प्राप्त होगा।
स्टेप 6 - प्राप्त ओटीपी दर्ज करके वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को पूरा करें।
स्टेप 7 - इसके बाद आपका व्यक्तिगत डेटा सुरक्षित रूप से वेरिफाइड हो जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सावधानियां
जेईई मेन 2027 की परीक्षा के लिए आधार केवाईसी से पहले उम्मीदवार सुनिश्चित करें कि आपका सक्रिय मोबाइल नंबर आपके आधार कार्ड के साथ लिंक हो, ताकि ओटीपी प्राप्त करने में कोई समस्या न आए। इसके साथ ही अपनी 10वीं कक्षा के मार्कशीट और आधार कार्ड में दर्ज विवरणों (नाम की स्पेलिंग, पिता का नाम और जन्म तिथि) की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि दोनों में कोई भिन्नता है, तो आवेदन से पहले ही आधार केंद्र जाकर उसमें सुधार करवाएं, ताकि आपको बाद में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
