Bihar Weather Update: बिहार में बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के कई जिलों में कल यानी गुरुवार 29 अक्टूबर से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। आज यानी शुक्रवार 30 अक्टूबर को बेगूसराय, बेतिया, समस्तीपुर, गोपालगंज, पटना और अररिया सहित कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 33 जिलों में बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। इनमें मधुबनी और सीतामढ़ी में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट है। वहीं, 4 जिलों में ऑरेंज और 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, Cyclone Arnab के चलते उत्तर बिहार में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार 1 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
पटना में 7 डिग्री तक गिरा तापमान
राजधानी पटना में बारिश के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। कल शाम 5:30 बजे तक यहां 12.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री गिरकर 24.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जहानाबाद में सबसे ज्यादा 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश के बीच पटना के बख्तियारपुर प्रखंड स्थित चिरैया दियारा में गंगा का कटाव भी जारी है। नदी का किनारा घरों के नजदीक पहुंचने से कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। राजधानी के निचले इलाकों में जलजमाव और सड़कों पर पानी भरने की आशंका भी है।
आंधी-पानी से धान की फसल को नुकसान
बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बक्सर और नालंदा सहित कई जिलों में खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। इससे दाने काले पड़ने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। औरंगाबाद, गोपालगंज और बेगूसराय में भी फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है। कटिहार में धान की कटाई और मक्का की बुआई प्रभावित हो रही है। किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - राजस्थान के 22 जिलों में सरपंच-पंच के लिए वोटिंग जारी
कल-परसों कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार 31 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सीवान और वैशाली में खराब मौसम की संभावना है।
रविवार 1 नवंबर से अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऐसे में लोगों को बारिश के साथ बढ़ती ठंड के लिए भी तैयार रहना होगा।
