देश

विनेश फोगाट को राहत! दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI से कहा- 2 हफ्ते में तय करें कारण बताओ नोटिस पर फैसला

Wrestler Vinesh Phogat: दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ को पहलवान विनेश फोगाट को जारी कारण बताओ नोटिसों पर दो सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है।

Image

पहलवान विनेश फोगाट (फाइल फोटो)

दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ को पहलवान विनेश फोगाट (Wrestler Vinesh Phogat) को जारी कारण बताओ नोटिसों पर दो सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है। जस्टिस अमित महाजन की बेंच ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्यवाही को लेकर बनी अनिश्चितता किसी खिलाड़ी की मानसिक तैयारी को प्रभावित कर सकती है।

अदालत ने कहा कि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ी का मानसिक रूप से स्वस्थ, तनावमुक्त और सहज रहना जरूरी है, ताकि उसके प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर न पड़े।

WFI की ओर से 9 मई और 17 जून को जारी दो कारण बताओ नोटिसों को चुनौती

हाईकोर्ट विनेश फोगाट की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था जिसमें उन्होंने WFI की ओर से 9 मई और 17 जून को जारी दो कारण बताओ नोटिसों को चुनौती दी है। विनेश को आशंका थी कि महासंघ आगामी प्रतियोगिताओं से ठीक पहले उनके खिलाफ प्रतिकूल फैसला ले सकता है। ऐसी स्थिति में उन्हें अदालत से राहत मांगने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा।

'संबंधित अधिकारियों को दोनों नोटिसों पर दो हफ्ते के भीतर फैसला लेने का निर्देश'

विनेश की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि वह जिस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहती हैं, उसका आयोजन दिसंबर 2026 के मध्य में प्रस्तावित है। ऐसे में उन्हें प्रतियोगिता की तैयारी करनी है लेकिन लंबित नोटिस उनके सिर पर तलवार की तरह लटक रहे हैं। कोर्ट ने विनेश की आशंका को वास्तविक प्रतीत होने वाला बताते हुए संबंधित अधिकारियों को दोनों नोटिसों पर दो हफ्ते के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया।

'...तो अगली सुनवाई तक उस फैसले पर अमल नहीं किया जाएगा'

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि दो सप्ताह की निर्धारित अवधि के बाद कोई फैसला लिया जाता है तो अगली सुनवाई तक उस फैसले पर अमल नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई से पहले अपना जवाब दाखिल करने का भी निर्देश दिया है

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article