Delhi News: राजधानी दिल्ली में आज यानी शुक्रवार 30 अक्टूबर को मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए मेट्रो ट्रेन सेवाओं का समय बढ़ाने का फैसला किया है। जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले 'ऑरा इंडिया टूर 2026' कॉन्सर्ट के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें आज देर रात 12 बजे तक चलेंगी। इस फैसले से कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लगभग 70 हजार दर्शकों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी।
DMRC के मुताबिक, मेट्रो नेटवर्क की लगभग सभी लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो पर यह सुविधा लागू नहीं होगी। ऐसे में अगर आप आज रात कॉन्सर्ट देखकर घर लौटने की योजना बना रहे हैं तो मेट्रो की बढ़ी हुई सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
किस मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा?
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन JLN स्टेडियम है। यह दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन पर मौजूद है। यह लाइन कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) तक जाती है। कॉन्सर्ट में जाने वाले दर्शक इस स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम
कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए DMRC ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इस्तेमाल के लिए स्टैंडबाय ट्रेनें तैयार रखी जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो सारथी मोबाइल ऐप पर क्यूआर टिकट बुकिंग की सुविधा भी सामान्य समय से एक घंटे अधिक उपलब्ध रहेगी।
JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन और प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी, कस्टमर सर्विस स्टाफ और कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर और अतिरिक्त जांच व्यवस्था भी की जाएगी।
स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी कॉन्सर्ट को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। शुक्रवार दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या नियंत्रित रहेगी।
प्रभावित सड़कों में भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर से लोधी कॉलोनी फ्लाईओवर के बीच लाला लाजपत राय मार्ग, आर्चबिशप मार्ग, फोर्थ एवेन्यू रोड और फिफ्थ एवेन्यू रोड शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को इन रास्तों से बचने, यात्रा की पहले से योजना बनाने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
