शहर

FIR के बाद कहां गायब हुए खान सर? फायरिंग केस में ताबड़तोड़ छापेमारी, कोचिंग सेंटर भी हो सकता है सील

Khan Sir Firing Case: पटना के मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ 'खान सर' पर उनके कोचिंग संस्थान 'खान ग्लोबल स्टडीज' में हुई तोड़फोड़ और सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई हवाई फायरिंग के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत गैर-जमानती एफआईआर दर्ज की गई है।

Image

अब अग्निशमन विभाग ने दिया कोचिंग सील करने का अल्टीमेटम (फोटो: एआई)

Khan Sir Firing Case: देश और बिहार के सबसे चर्चित शिक्षकों में से एक, फैजल खान उर्फ 'खान सर' की मुश्किलें इन दिनों लगातार बढ़ती जा रही हैं। कुछ समय पहले तक पुलिस की तारीफ करने वाले और जांच में सहयोग का भरोसा देने वाले खान सर अब अचानक लापता हो गए हैं। पटना में उनके कोचिंग सेंटर के बाहर हुई हिंसक झड़प और हवाई फायरिंग के मामले में गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज होने के बाद से खान सर गिरफ्तारी के डर से अंडरग्राउंड हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

अग्निशमन विभाग की चेतावनी

एक तरफ जहां खान सर पर पुलिस का शिकंजा कस रहा है, वहीं दूसरी तरफ उनके 'खान ग्लोबल स्टडीज' (Khan Global Studies) कोचिंग सेंटर पर दोहरी मार पड़ी है। बिहार अग्निशमन सेवा (Fire Services) ने जांच में कोचिंग परिसर के भीतर सुरक्षा संबंधी कई कमियां पाई हैं। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अगर तय नियमों का पालन नहीं किया गया, तो कोचिंग सेंटर को तुरंत सील कर दिया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद पटना स्थित 'खान ग्लोबल स्टडीज' (KGS) के संचालक खान सर और 'ज्ञान बिंदु कोचिंग' के निदेशक रौशन आनंद के बीच का बताया जा रहा है। घटना बीते 2 जून की रात की है, जब 15 से 20 लोगों के एक गुट ने खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की और पथराव किया।

इस घटना के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसमें सरेआम हवाई फायरिंग की जा रही थी। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, जांच के बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नामजद एफआईआर दर्ज की है। खान सर पर सबसे बड़ा आरोप यह है कि हिंसक झड़प के दौरान उनके निजी सुरक्षाकर्मियों (बॉडीगार्ड्स) ने सरेआम गोलियां किसके आदेश पर चलाईं।

गिरफ्तारी की तलवार और कोचिंग सील होने का नोटिस

शुक्रवार की पूरी रात पटना पुलिस ने खान सर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन बंद मिला और उनका कोई सुराग नहीं लगा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस से बचने के लिए खान सर अब कानूनी रास्ता अपनाने की तैयारी में हैं और जल्द ही कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की याचिका दायर कर सकते हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article