जयपुर

Udaipur: नींबू के विवाद में चला धारदार हथियार, स्थिति संभालने में लगी चार थानों की पुलिस; इलाके में तनाव

राजस्थान के उदयपुर में गुरुवार की रात नींबू खरीदने को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बढ़े तनाव की वजह से बाजार की दुकानें शुक्रवार को भी बंद रहीं। स्थिति को काबू में रखने के लिए चार थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

उदयपुर में तनाव के बाद की तस्वीर

Photo : Times Now Digital

Udaipur Violence: राजस्थान के उदयपुर जिले में नींबू के मोलभाव में शुरू हुआ मामूली विवाद के बाद में हिंसक हो गया। गुरुवार रात को हुई इस घटना से इलाके में इतना तनाव बढ़ा कि हुई शुक्रवार को प्रभावित इलाकों में बाजार बंद रखना पड़ा। पुलिस ने मीडिया को यह जानकारी दी।

नींबू खरीदने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना धान मंडी इलाके में 'तीज का चौक' के पास सब्जी के ठेले से नींबू खरीदने को लेकर दो युवकों के बीच बहस के बाद हुई। दो युवकों के बीच की बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गयी और कुछ ही मिनटों में झड़प इतनी बढ़ी कि दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि इस हिंसक झड़प में पांच से सात लोगों ने एक 50 वर्षीय सब्जी विक्रेता पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घायल को एमबी अस्पताल ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक उसका इलाज जारी है।

काबू पाने में लगी चार थानों की पुलिस

पुलिस के अनुसार यह तनाव उस समय और बढ़ गया, जब सड़क किनारे दो झोपड़ियों और कुछ सब्जी ठेलों में आग लगा दी गई। अग्निशमन कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाई। इस बीच तनाव की स्थिति को कम करने के लिए, पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आसपास के चार थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू किया। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

छह आरोपी गिरफ्तार

गोयल ने बताया, “सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छह लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें हमलावरों को हथियार लेकर जाते हुए देखा गया है। हम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

शुक्रवार को स्थानीय व्यापारियों ने धानमंडी और तीज का चौक में दुकानें बंद रखीं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिसको लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच बैठक हुई। जिससे स्थिति को शांत करने में मदद मिली।

नगर आयुक्त रामप्रकाश और प्रशासनिक अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, क्षेत्र से अवैध विक्रेताओं को हटाने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सहित तीन प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वरिष्ठ अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद व्यापारी अपनी दुकानें खोलने पर सहमत हो गए।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article