Odisha News: ओडिशा के मयूरभंज जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां छह साल से कम उम्र की एक मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। राईरंगपुर के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) बीरेंद्र सेनापति ने बताया कि घटना की रिपोर्ट बिसोई पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत टीम बनाकर आरोपी को धर दबोचा।
BNSS और POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज
मामले की जानकारी देते हुए SDPO बीरेंद्र सेनापति ने कहा कि बिसोई पुलिस स्टेशन में छह साल से कम उम्र की बच्ची से दुष्कर्म की घटना दर्ज हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में बिसोई थाना में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
दूसरे मामले में छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला प्रिंसिपल जेल भेजा गया
एक अन्य शर्मनाक घटना में, 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील व्यवहार करने के आरोप में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल-कम-मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सर्किल ऑफिसर (CO) स्वप्निल मुयाल के अनुसार, प्रेम नगर पुलिस स्टेशन में 20 तारीख को पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि स्थानीय प्राइवेट स्कूल का मैनेजर-कम-प्रिंसिपल उनकी बच्ची के साथ गलत व्यवहार कर रहा था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 5(f), 6, 7 और 8 के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
