Aaj ka Mausam: राजस्थान, गुजरात और दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी शुक्रवार 24 जुलाई को गुजरात, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आज दिन में तेज बारिश, आकाशीय बिजली, गरज-चमक और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
गुजरात में बारिश और बाढ़ से हालात चिंताजनक
सबसे गंभीर और चिंताजनक स्थिति गुजरात में बनी हुई है। IMD ने अहमदाबाद, अमरेली, आणंद, बनासकांठा, भरूच, भावनगर, बोटाद, गांधीनगर, कच्छ, खेड़ा, महेसाणा, पंचमहल, पाटन, साबरकांठा, सुरेंद्रनगर और वडोदरा सहित 16 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई। यह अलर्ट सुबह 7:46 बजे जारी किया गया, जिसकी वैधता तीन घंटे तक बताई गई। लेकिन पूरे दिन हालात ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
इसके अलावा अरावली, छोटा उदयपुर, दाहोद, डांग, देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ, जामनगर, जूनागढ़, मोरबी, नर्मदा, नवसारी, पोरबंदर, राजकोट, सूरत, तापी और वलसाड सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण गुजरात में लगातार बारिश के चलते कई इलाके जलमग्न हैं। उमरगाम तालुका में 16 घंटे के दौरान 43 इंच तक बारिश होने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
यूपी में 10 नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। IMD ने राजधानी लखनऊ के साथ ही हरदोई, सीतापुर और उन्नाव में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। पिछले 10 दिनों से हो रही बारिश के कारण गंगा, यमुना सहित राज्य की 10 प्रमुख नदियां उफान पर हैं। शुक्रवार को राज्य के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड का खतरा
जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने अनंतनाग, डोडा, गांदरबल, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, कुलगाम, पुलवामा, राजौरी, रामबन, रियासी, सांबा, शोपियां और उधमपुर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक जलभराव की आशंका भी जताई गई है।
बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून का असर साफ दिखाई दे रहा है। बिहार की राजधानी पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सिवान सहित 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कल यानी गुरुवार 23 जुलाई को औरंगाबाद और बक्सर में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। असम में बाढ़ से 6.53 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
राजस्थान और MP में भी अलर्ट
राजस्थान में बांसवाड़ा और डूंगरपुर के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। मध्य प्रदेश के श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में अगले 24 घंटे के दौरान चार इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
कल का मौसम
कल यानी शनिवार 25 जुलाई को मध्यप्रदेश, पश्चिमी राजस्थान,पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, नगालैंड, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मराठवाड़ा, सेंट्रल महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए शनिवार को किसी तरह की कोई चेतावनी नहीं है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण नहीं लेने, बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। अगले दो दिनों तक उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
