Lalit Modi News: आईपीएल के संस्थापक ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता मिलने और भारत छोड़ने को लेकर मीडिया में आ रही खबरों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह किसी आपराधिक मामले से बचने के लिए भारत छोड़कर नहीं गए थे, बल्कि अंडरवर्ल्ड से जान का खतरा होने के कारण 2010 में देश छोड़ा था। ललित मोदी का दावा है कि उनके खिलाफ भारत की किसी भी अदालत में आज तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई और न ही कोई आपराधिक मुकदमा शुरू हुआ है।
16 नवंबर को जारी बयान में ललित मोदी ने कहा कि मीडिया का एक वर्ग उनकी ब्रिटिश नागरिकता को इस तरह पेश कर रहा है, जैसे वह आरोपों से बचकर भारत से भाग गए हों और अब भारत सरकार उन्हें वापस लाने की कोशिश कर रही हो। उन्होंने इन खबरों को गलत और बदनाम करने वाला बताया।
सुरक्षा हटने के तीन दिन बाद छोड़ा था भारत
ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने 2010 में उस समय भारत छोड़ा था, जब उन्हें अंडरवर्ल्ड से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उनका कहना है कि जाने से तीन दिन पहले ही बिना किसी सूचना के उनकी हथियारबंद पुलिस सुरक्षा हटा दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने भारत छोड़ा, तब उनके खिलाफ कोई एफआईआर भी दर्ज नहीं थी।
उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस के तत्कालीन अतिरिक्त आयुक्त ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को लिखे पत्र में भी माना था कि केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें सुरक्षा दी गई थी। ललित मोदी ने यह भी कहा कि ED के कहने पर उनका भारतीय पासपोर्ट रद्द किया गया था, लेकिन 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने इस फैसले को रद्द कर उनका पासपोर्ट बहाल कर दिया था।
श्रीनिवासन पर लगाया बदले की कार्रवाई का आरोप
ललित मोदी ने चेन्नई में अक्टूबर 2010 में दर्ज एफआईआर को भी बदले की कार्रवाई बताया। उनका आरोप है कि तत्कालीन बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन ने यह शिकायत उन्हें आईपीएल से हटाने के मकसद से कराई थी। ललित मोदी के मुताबिक, श्रीनिवासन के बीसीसीआई पदाधिकारी होने के साथ आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य और चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक होने से हितों का टकराव हो रहा था।
जुलाई 2026 में मिली ब्रिटिश नागरिकता
ब्रिटिश नागरिकता पर ललित मोदी ने कहा कि ब्रिटेन 2010 से उनका घर है। वहां की सरकार ने पहले उन्हें रहने की अनुमति दी और इसके बाद उन्होंने तय कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ब्रिटिश नागरिकता के लिए आवेदन किया। जुलाई 2026 में ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने उनके आवेदन को मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी तरह की कानूनी छूट या सुरक्षा की जरूरत नहीं है। वह ब्रिटिश नागरिकता मिलने से खुश हैं और ब्रिटेन के आभारी हैं, जहां वह पिछले 16 साल से रह रहे हैं।
कहा- मेरे खिलाफ न चार्जशीट, न इंटरपोल का रेड नोटिस
ललित मोदी ने अपने बयान में दावा किया कि उनके खिलाफ भारत में न तो कोई चार्जशीट दाखिल हुई है और न ही किसी अदालत में आपराधिक मुकदमा चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का भी कोई मामला या अभियोजन नहीं है। इंटरपोल ने भी लिखित रूप में पुष्टि की है कि उसके पास उनके खिलाफ कोई क्रिमिनल डिफ्यूजन या अलर्ट नोटिस का रिकॉर्ड नहीं है।
उन्होंने कहा कि आईपीएल के दूसरे सीजन के आयोजन को लेकर उन पर लगाया गया व्यक्तिगत जुर्माना भी अपीलीय ट्रिब्यूनल ने पूरी तरह रद्द कर दिया था।
