गुरुग्राम

हरियाणा में हिंसाः नूंह में हालात तनावपूर्ण- रिव्यू के बाद बोले ACS, नेट और SMS सेवा पर बढ़ी रोक

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Aug 12, 2023, 06:25 AM IST

Nuh Latest News in Hindi: वैसे, दिल्ली से सटे हरियाणा में इस महीने की शुरुआत में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। जानकारी के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक कुल 393 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 118 अन्य को हिरासत में लिया गया है।

Nuh Latest News in Hindi: हरियाणा के नूंह जिले में हिंसा भड़कने के बाद वहां हालात फिलहाल तनावपूर्ण हैं। यह बात रिव्यू के बाद एडिश्नल चीफ सेक्रेट्री (एसीएस : अतिरिक्त मुख्य सचिव - गृह) टी.वी. एस. एन. प्रसाद की ओर से कही गई है। शुक्रवार (11 अगस्त, 2023) को उनकी ओर से जारी किए गए आदेश में बताया गया, ''नूंह उपायुक्त की ओर से मेरे संज्ञान में लाया गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई है और हालात अभी भी गंभीर और तनावपूर्ण बने हुए हैं।''

इस बीच, सूबे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार ने शांति भंग और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने के लिए शुक्रवार शाम नूंह में मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं के निलंबन को 13 अगस्त रात 11.59 बजे तक के लिए बढ़ा दिया। जिला में पहले शुक्रवार रात 11.59 तक इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर बैन लगाया गया था।

Nuh Net SMS Services

Nuh Net SMS Services

राज्य के गृह मंत्री अनिल विज के स्टेटमेंट के अनुसार, प्रदेश के नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी, पानीपत, भिवानी और हिसार में 160 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि नूंह के पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजारणिया ने समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि ब्रज मंडल हिंसा मामले के संबंध में जिले में 59 एफआईआर दर्ज कर 218 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

उधर, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के मंडल मंत्री देवेन्द्र सिंह ने एजेंसी से कहा, ''सभी हिंदू समूहों ने 28 अगस्त को उस यात्रा को पूरा करने का फैसला किया है, जिसपर 31 जुलाई को नूंह में हमला हुआ था। उम्मीद है कि यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ पूरी होगी।'' यही नहीं, सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि मेवात धर्म यात्रा 28 अगस्त 2023 को पूरी होगी।

हालांकि, गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे उत्तेजक नारे लगाने, भाषण देने, बैनर ले जाने या ऐसे किसी कृत्य में शामिल न हों, जो किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाता हो या फिर शांति भंग कर सकता हो। दरअसल, नूंह जिले में 31 जुलाई, 2023 को वीएचपी की 'ब्रज मंडल यात्रा' पर भीड़ ने हमला कर दिया था, जिसके बाद भड़की सांप्रदायिक हिंसा में छह लोगों की जान चली गई थी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article