Ghaziabad Sisters Suicide: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक ऐसी त्रासदी हुई जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। एक रिहाइशी बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से तीन सगी बहनों ने एक साथ नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आधी रात को मचा कोहराम
पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 2 बजे की है। जब पूरा शहर सो रहा था, तब इन तीनों बहनों ने यह घातक कदम उठाया। इस सामूहिक आत्महत्या के पीछे के कारण साफ-साफ नहीं पता चला है। हालांकि स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, तीनों बहनें एक खास मोबाइल गेम की आदी थीं। बताया जा रहा है कि वे अक्सर देर रात तक मोबाइल पर गेम खेला करती थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस गेम में कोई ऐसा 'टास्क' था जिसने उन्हें सुसाइड के लिए उकसाया, या फिर गेम की वजह से उपजे मानसिक तनाव ने उन्हें इस अंजाम तक पहुंचाया।
जांच के घेरे में मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड
फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतकाओं के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि उनके गेमिंग इतिहास, चैट और इंटरनेट सर्च की जांच की जा सके। जानकारी के मुताबिक ये लड़कियां कोरियन लवर गेमिंग ऐप खेला करती थीं। यह गेम भी 'ब्लू व्हेल' या 'मोमो चैलेंज' जैसा ही टास्क बेस्ड खतरनाक गेम है, जिसमें डिजिटल चैलेंज पूरा करना होता था। एक साथ तीन जवान बेटियों को खोने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस का बयान
ACP अतुल कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को रात करीब 2:15 पर सूचना मिली कि थाना टेला मोड़ स्थित भारत सिटी में टावर बी वन फ्लैट नंबर 907 की नौवीं मंजिल की बालकनी से तीन बच्चियां कूद गई हैं। मौके पर ही जिनकी मृत्यु हो गई। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। बच्चियों की पहचान निशा (16), प्राची (14) और पाखी (12) पुत्रियां चेतन कुमार के तौर पर हुई है।
