पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिल्ली के पास मेरठ से पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे। कई जिलों को जोड़ने वाला उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे। इस एक्सप्रेसवे का नाम गंगा एक्सप्रेसवे रखा गया है। बुधवार 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करके यूपी की जनता को एक बड़ा तोहफा देंगे। यह तोहफा तेज, सुरक्षित और आरामदेह सफर का होगा। यह तोहफा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को सुपरफास्ट तरीके से जोड़ने का होगा। साथ ही यह तोहफा उन जिलों के लिए आर्थिक विकास का भी होगा, जहां से यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ दूरियों को कम करने वाला प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह आधुनिक सुविधाओं और मजबूत सुरक्षा इंतजामों के साथ सफर की पूरी तस्वीर बदलने जा रहा है।
गंगा एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर की एक बड़ी तस्वीर पेश करता है। उद्घाटन के बाद करीब 594 किलोमीटर लंबा ये हाई-स्पीड कॉरिडोर पश्चिम से पूर्व तक कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगा। चौड़ी लेन, बेहतरीन रोड क्वालिटी और आधुनिक डिजाइन इसे लंबी दूरी के सफर के लिए सुगम और सुरक्षित बनाते हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की पहचान बदलकर रख देगा
एक्सप्रेसवे पर 9 वे-साइड एमिनिटीज
गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा के लिए 9 आधुनिक फैसिलिटी सेंटर बनाए गए हैं। इन फैसिलिटी सेंटरों पर पेट्रोल-डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग के साथ फूड कोर्ट, कैफेटेरिया और डॉरमेट्री जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं मौजूद होंगी। यानी अब सफर के दौरान रुकने, खाने, आराम करने और गाड़ी की जरूरतों का पूरा इंतजाम एक ही जगह पर मिलेगा।
ट्रॉमा सेंटर और मेडिकल सुविधाएं भी मिलेंगी
सुरक्षा के लिहाज से भी इस एक्सप्रेस-वे को खास बनाया गया है। एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर, इमरजेंसी मेडिकल सुविधा और तेज रेस्क्यू सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंच सके। साथ ही हाई टेक मॉनिटरिंग और निगरानी के जरिए पूरे गंगा एक्सप्रेस वे पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
मजबूत कनेक्टिविटी देगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेस वे, उत्तर प्रदेश के प्रमुख एक्सप्रेस वे से जुड़कर एक मजबूत कनेक्टिविटी नेटवर्क तैयार करेगा। यह एक्सप्रेसवे शांमली-अंबाला एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के साथ बेहतर कनेक्टिविटी देगा। यूपी एक बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में उभर रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे के बन जाने से सफर अब पहले से कहीं ज्यादा तेज, आसान और व्यवस्थित होने वाला है।
व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाएगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेस वे सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि एक ऐसा आधुनिक कॉरिडोर है जहां सुविधा, सुरक्षा और रफ्तार, तीनों का संतुलन साफ नजर आता है। यह एक्सप्रेसवे आने वाले समय में लाखों यात्रियों के सफर को आसान और सुरक्षित बनाने वाला है। इस एक्सप्रेस वे के शुरू होने से न सिर्फ ट्रैवल टाइम घटेगा, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे। पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच दूरी कम होने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।
29 अप्रैल को जब गंगा एक्सप्रेस वे जनता को समर्पित होगा, तो ये सिर्फ एक उद्घाटन नहीं, बल्कि इसके साथ उत्तर प्रदेश के विकास की नई रफ्तार की शुरुआत भी होगी। अब देखना ये होगा कि ये मेगा प्रोजेक्ट राज्य की अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी को कितनी नई ऊंचाइयों तक ले जाता है।
