शहर

Greater Noida West से लालकुआं के लिए बनेगा नया रूट, शाहबेरी रोड के जाम से मिलेगी मुक्ति

Greater Noida West से NH-91 तक नया चार लेन रूट बनाने की योजना है। इस नए रूट के बन जाने से शाहबेरी में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। छपरौला रोड को भी चौड़ा किए जाने की तैयारी है।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गाजियाबाद की ओर जाना होगा आसान

Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जो लोग गाजियाबाद या बुलंदशहर की ओर अक्सर आते-जाते हैं, उनके लिए खुशखबरी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट से NH-91 की तरफ जाने के लिए अभी आपको शाहबेरी के जाम को झेलना पड़ता है। इसके अलावा शहर में एकमूर्ति के पास से छपरौला में बिसरख मार्ग पर रेलवे पुल क्रॉस करके भी इस ओर जा सकते हैं। हालांकि, यहां पर भी सड़क की चौड़ाई कम होने और डिवाइडर नहीं होने के कारण अक्सर जाम लगा रहता है। नया रूट बनाने की तैयारी की जा रही है, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीधे NH-91 पर लालकुआं से जोड़ देगा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से लालकुआं तक यहां बनेगा नया रूट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सेक्टर 16 से शुरू होकर चिपियाना बुजुर्ग गांव के बराबर से होते हुए एक मार्ग लालकुआं के पास GT रोड से कनेक्ट होगा। यह मार्ग ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गाजियाबाद और लालकुआं से बेहतर कनेक्टिविटी देगा और मौजूदा शाहबेरी (Shahberi traffic Jam) व विजयनगर के रास्ते पर लगने वाले जाम से भी राहत देगा। यह वैकल्पिक मार्ग चार लेन का बनाया जाएगा। अभी जो रूट चिपियाना बुजुर्ग गांव को GT रोड से जोड़ता है वह बहुत ही खराब स्थिति में है।

इस रोड को किया जाएगा चौड़ा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को NH-91 से जोड़ने के लिए अभी एक अन्य रूट एक मूर्ती से निकलता है। यहां छपरौला में बिसरख मार्ग रेलवे पुल पार करके पुलिस चौकी के पास NH-91 से जुड़ता है। अब इस रोड को भी चौड़ा किया जा रहा है। अथॉरिटी ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है और उम्मीद की जा रही है कि अगले एक-दो महीने में इसका काम शुरू हो जाएगा।

फिलहाल सिर्फ 2 लेन की सड़क

यहां ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति चौक से जलालपुर होते हुए छपरौला और और गाजियाबाद की ओर जाने वालों को इस चौड़ीकरण से बड़ा फायदा होगा। क्योंकि यहां रेलवे ओवर ब्रिज से उतरते ही छपरौला में सड़क काफी संकरी हो जाती है, जिसके कारण यहां अक्सर ही जाम लगा रहता है। छपरौला में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं। फिलहाल यहां पर दो लेन की सड़क है, जिसे चार लेन का किया जाएगा। दोनों तरफ एक-एक लेन की नई सड़क बनाने के साथ ही सड़क पर डिवाइडर भी बनाया जाएगा।

एक साल में पूरा किया जाएगा काम

यह लगभग 1 किमी लंबी सड़क छपरौला में पुलिस चौकी के पास NH-91 से जुड़ती है। इस सड़क के चौड़ा होने से गाजियाबाद या बुलंदशहर, अलीगढ़ की तरफ जाने वाले लोगों को सहूलियत होगी। सिर्फ सड़क ही चौड़ी नहीं होगी, साथ ही जल निकासी के लिए पुलिया और आरसीसी नाली का निर्माण भी यहां किया जाना है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस परियोजना पर काम भी शुरू हो जाएगा। इस कार्य को लगभग 1 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू किए जाने की तैयारी हो रही है। ऐसे में इस ओर भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक का भार संभालने के लिए हमें पूरी तरह से तैयार रहना होगा। उनका कहना है कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में कई जगहों पर एलिवेटेड रोड, अंडरपास और नए वैकल्पिक मार्गों की योजना पर काम किया जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article