बॉलीवुड

करीना कपूर-पृथ्वीराज सुकुमारन की Daayra क्यों है खास? फिल्म देखने की ये 5 वजहें कर देंगी आपको एक्साइटेड

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 16, 2026, 04:23 PM IST

5 Reasons Why Watch Daayra: करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। मेघना गुलजार की ये क्राइम ड्रामा कहानी कई वजहों से खास नजर आ रही है।

Image

इस वजह से देखे फिल्म दायरा (Image Source: Daayra Movie)

5 Reasons Why Watch Daayra: बॉलीवुड में क्राइम और पुलिस की कहानियां नई नहीं हैं, लेकिन मेघना गुलजार की ‘दायरा (Daayra)’ अपने टॉपिक और कहानी कहने के अंदाज की वजह से शुरुआत से ही ध्यान खींच रही है। फिल्म में करीना कपूर (Kareena Kapoor) और पृथ्वीराज सुकुमारन (Prithviraj Sukumaran) पहली बार साथ नजर आएंगे। ट्रेलर में दोनों पुलिस अधिकारियों के किरदार में दिखाई दे रहे हैं और एक गंभीर मामले की जांच के बीच कहानी कई सवाल खड़े करती है। फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी सिर्फ स्टारकास्ट की वजह से नहीं है, बल्कि इसके टॉपिक और मेघना गुलजार के निर्देशन ने भी उम्मीदें बढ़ाई हैं। ऐसे में आइए जानते हैं वो 5 वजहें, जिनके चलते ‘दायरा’ को सिनेमाघरों में देखने की वजह मिलती है।

1. मेघना गुलजार का निर्देशन

‘दायरा’ देखने की सबसे बड़ी वजहों में से एक मेघना गुलजार हैं। मेघना इससे पहले भी ऐसी कहानियां पर्दे पर ला चुकी हैं, जिनमें सिर्फ घटनाओं पर फोकस नहीं रहता, बल्कि उनके पीछे छिपे इंसानी पहलुओं और सामाजिक सवालों को भी जगह मिलती है। उनकी फिल्मों में कहानी को बहुत ज्यादा शोर-शराबे के बजाय किरदारों और परिस्थितियों के जरिए आगे बढ़ाने पर जोर दिखाई देता है। ‘दायरा’ के ट्रेलर में भी यही अंदाज नजर आता है। यहां पुलिस जांच के साथ-साथ मामला किस तरह आगे बढ़ता है और उससे जुड़े लोगों पर क्या असर पड़ता है, इस पर ध्यान दिया गया है। फिल्म का टॉपिक गंभीर है और मेघना गुलजार से उम्मीद की जा रही है कि वह इसे सिर्फ एक आम क्राइम थ्रिलर की तरह पेश नहीं करेंगी।

2. करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की नई जोड़ी

‘दायरा’ की दूसरी बड़ी खासियत इसकी लीड जोड़ी है। करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार किसी फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। दोनों अपने-अपने दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं और इस फिल्म में उन्हें बिल्कुल अलग तरह के किरदारों में देखने का मौका मिलेगा। करीना फिल्म में डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभा रही हैं, जबकि पृथ्वीराज डीसीपी रमन कुमार के रोल में नजर आएंगे। दोनों पुलिस अधिकारी हैं और एक गंभीर मामले की जांच से जुड़े हैं। ट्रेलर में दोनों के किरदारों के बीच सोच और जांच के तरीके को लेकर अंतर भी देखने को मिला था। यही बात फिल्म में दोनों की टक्कर को देखने लायक बनाती है। करीना और पृथ्वीराज की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ ये भी दिलचस्प होगा कि दोनों अपने किरदारों को किस तरह निभाते हैं।

3. कहानी जो सिर्फ क्राइम तक सीमित नहीं है

अगर आप सोच रहे हैं कि ‘दायरा’ सिर्फ एक अपराध और उसकी जांच की कहानी होगी, तो ट्रेलर इससे कहीं ज्यादा इशारा करता है। फिल्म एक गंभीर मामले के जरिए पुलिस व्यवस्था, जांच और इंसाफ से जुड़े कई सवाल सामने रखती दिखाई देती है। ट्रेलर में जिस तरह से घटनाओं को दिखाया गया था, उससे कहानी में रहस्य के साथ इमोशनल पहलू भी नजर आता है। फिल्म की खास बात यह भी है कि ट्रेलर में पूरी कहानी खोलकर नहीं रखी गई है। कुछ घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन उनके पीछे की पूरी सच्चाई अब भी पर्दे के पीछे है। यही रहस्य दर्शकों को फिल्म देखने के लिए उत्सुक करता है। आखिर जांच किस दिशा में जाएगी, किसकी बात पर भरोसा किया जाएगा और मामले की असली तस्वीर क्या होगी—इन सवालों के जवाब फिल्म में ही मिलेंगे।

4. किरदारों को सिर्फ अच्छा या बुरा नहीं बनाया गया

कई क्राइम फिल्मों में कहानी को बहुत आसानी से दो हिस्सों में बांट दिया जाता है—एक तरफ सही लोग और दूसरी तरफ गलत लोग। ‘दायरा’ में ऐसा सीधा फॉर्मूला नजर नहीं आता। यहां किरदारों के अपने नजरिए और मजबूरियां हैं। यही ग्रे शेड्स कहानी को ज्यादा दिलचस्प बना सकते हैं। जब दर्शक किसी एक किरदार को पूरी तरह सही या गलत नहीं मान पाता, तो कहानी में उत्सुकता बनी रहती है। पृथ्वीराज भी फिल्म के किरदारों को इसी तरह के जटिल नजरिए से देखने की बात कर चुके हैं।

5. सपोर्टिंग कास्ट भी कहानी का अहम हिस्सा

फिल्म में सिर्फ करीना और पृथ्वीराज पर ही पूरा दारोमदार नहीं है। क्षिती जोग और जितेंद्र जोशी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। ऐसे कलाकार जब गंभीर कहानी का हिस्सा होते हैं, तो मुख्य किरदारों के आसपास की दुनिया ज्यादा मजबूत नजर आती है। क्षिती जोग का किरदार खास तौर पर कहानी के भावनात्मक हिस्से से जुड़ा हुआ है। उनके किरदार के जरिए अपराध का असर सिर्फ पुलिस जांच तक नहीं, बल्कि परिवार और निजी जिंदगी तक पहुंचता दिखाई देता है। इससे फिल्म की कहानी में भावनात्मक गहराई आने की उम्मीद है।

कब रिलीज होगी 'दायरा'?

फिल्म दायरा 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘दायरा’ को जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा (पेन स्टूडियोज) ने प्रोड्यूस किया है, जबकि पेन मरुधर इसे रिलीज कर रहा है। फिल्म दायरा को लेकर आपकी क्या राय है, कमेंट करके हमें जरूर बताएं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article