दुनिया

Makkah Drone Attack: 'मक्का की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं', ड्रोन हमले पर भारत सख्त; सऊदी ने हूतियों को दी 'रेड लाइन' की चेतावनी

Makkah Drone Attack: पवित्र शहर मक्का के पास हुए ड्रोन हमले पर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब की संप्रभुता और नागरिकों को खतरे में डालने वाली हरकतें बर्दाश्त के काबिल नहीं हैं।

Image

मक्का की सीमा के पास मार गिराया गया ड्रोन (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Makkah Drone Attack: सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का के करीब हुए ड्रोन हमले को लेकर भारत सरकार ने गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए सऊदी अरब की संप्रभुता पर हुए इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। भारत ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की जान और वहां के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने वाली कोई भी कार्रवाई पूरी तरह से गलत और अस्वीकार्य है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि मक्का पूरी दुनिया के करोड़ों मुसलमानों के लिए एक पवित्र और बेहद खास धार्मिक स्थल है। ऐसे में इस पवित्र शहर के इतने करीब हमला होना बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संयम बरतने की अपील की और उम्मीद जताई कि मध्य पूर्व क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल होगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सऊदी अरब के लिए एक रेड लाइन-तुर्की अल-मलिकी

यह घटना बुधवार तड़के की है, जब सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम ने मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में दाखिल होने से पहले ही एक संदिग्ध ड्रोन को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। सऊदी नीत गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने इस घटना को आतंकी और नापाक हरकत करार दिया। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि पवित्र मस्जिदों और वहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सऊदी अरब के लिए एक 'रेड लाइन' है, जिससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष के बाद फिर चरम पर पहुंचा तनाव

दूसरी तरफ, सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष अब और अधिक हिंसक रूप लेता दिख रहा है। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया है कि उनके बलों ने यमन के मारिब प्रांत में गश्त लगा रहे सऊदी अरब के एक F-15 फाइटर जेट को स्वदेशी सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से मार गिराया है। हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने जेट गिराए जाने के इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मक्का के पास हुई इस ताजा घटना ने पूरे मध्य पूर्व में तनाव को एक बार फिर चरम पर पहुंचा दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article