Faridabad: फरीदाबाद में रोडवेज की बसों में टिकट बिक्री में धांधली की शिकायतें रोजाना मुख्यालय पहुंच रही हैं। इनमें से ज्यादातर शिकायतें इन बसों में यात्रियों की क्षमता के अनुरूप टिकटों की बिक्री न करने का है। इन शिकायतों और टिकट बिक्री धांधली में विराम लगाने के लिए हरियाणा रोडवेज ने बड़ी पहल की है। रोडवेज की इन बसों में अब रेवेन्यू लीकेज डिटेक्शन सिस्टम (आरएलडीएस) लागू की जाएगी। इन सेंसर की मदद से बसों में चढ़ने और उतरने वाले सभी यात्रियों की संख्या का पता चल जाएगा। दिनभर चलने के बाद जब बस डिपो में पहुंचेगी तो सेंसर से मिली यात्रियों की संख्या की जानकारी के साथ अधिकारी टिकटों की संख्या की जांच करेंगे। इससे टिकटों की बिक्री में हो रही धांधली और लीकेज सिस्टम को सुधारने में मदद मिलेगी।
बता दें कि, हरियाणा सरकार ने रोडवेज को 150 करोड़ रुपये राजस्व घाटे का अनुमान लगाया गया है। इस घाटे को खत्म करने के लिए हरियाणा सरकार अपने स्वामित्व वाली सभी रोडवेज बसों में सेंसर आधारित यह सिस्टम लगाने जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कई बार कंडेक्टर टिकट बिक्री में या तो लापरवाही बरतते हैं या फिर धांधली करते हैं। बसों को सबसे ज्यादा घाटा दूसरे राज्यों में चलने वाली बसों से होता है। दूसरे राज्य में जाने वाली बसों को पूरी तरह जांच नहीं हो पाता, जिससे ज्यादा नुकसान होता है। इसे खत्म करने के लिए ये सेंसर लगाए जा रहे हैं। इन सेंसर को बस के दोनों गेट पर लगाया जाएगा, जिससे बस में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों का सही जानकारी हासिल की जा सके।
