शहर

Hathras Stampede: DM बोले - मेरे पास 50-60 लोगों की मौत की रिपोर्ट है

Hathras Stampede: हाथरस में मची भगदड़ में मृतकों की संख्या भले ही अभी 27 बतायी जा रही हो। लेकिन डीएम आशीष कुमार का कहना है कि उन्हें डाक्टरों से इस हादसे में 50-60 लोगों के मरने की रिपोर्ट मिल रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

Image

हाथरस भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

Photo : Twitter

Hathras Stampede: उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक सत्संग में मची भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 23 महिलाओं और 3 बच्चों सहित कुल 27 लोगों की इस भगदड़ में मौत हुई है। इसके अलावा 100 से अधिक लोगों के घायल होने की बात भी कही कई है। लेकिन हाथरस के जिलाधिकारी (DM) आशीष कुमार का कहना है कि उनके पास 50-60 लोगों के मौत की खबर आ रही है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे डीएम आशीष कुमार ने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है और अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे डॉक्टरों से 50-60 लोगों की मौत की रिपोर्ट मिल रही है।'

डीएम ने बताया कि इस सत्संग के लिए SDM ने अनुमति दी थी और यह एक प्राइवेट कार्यक्रम था। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है और एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी गई है।

डीएम ने कहा कि फिलहाल प्रशासन का ध्यान घायलों और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद पहुंचाने पर है।

इस बीच उत्तर प्रदेश के मंत्री लक्ष्मी नारायण का कहना है कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के साथ ही घटना को लेकर जांच की जा रही है और जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई होगी।

इस बीच राज्य सरकार ने हाथरस हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने सोशल मीडिया साइट X पर कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एडीजी आगरा, कमिश्नर अलीगढ़ को घटना की 24 घंटे में जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article