स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को इस साल बड़ा झटका लग सकता है। मेमोरी चिप की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी के कारण महंगे स्मार्टफोन के दाम 30 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ सकते हैं। बाजार रिसर्च कंपनी काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के अंत तक प्रीमियम स्मार्टफोन की कीमत एक लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार, स्मार्टफोन बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान की कुल लागत में मेमोरी चिप का हिस्सा काफी बढ़ गया है। 2025 की शुरुआत में यह हिस्सा करीब 13 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 40 प्रतिशत से ज्यादा हो गया है। अनुमान है कि साल के अंत तक यह 43 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।
AI की बढ़ती मांग से महंगी हुई मेमोरी चिप
काउंटरपॉइंट रिसर्च के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के मुताबिक, AI डेटा सेंटर की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी चिप महंगी हो रही हैं। खासतौर पर DRAM और NAND मेमोरी की कीमतों में तेजी आई है। इसका सीधा असर स्मार्टफोन बनाने की लागत पर पड़ रहा है। बढ़ती लागत को देखते हुए स्मार्टफोन कंपनियां अपने फोन के फीचर्स, पार्ट्स और कीमतों में बदलाव करने पर विचार कर रही हैं, ताकि खर्च को कम किया जा सके।
Oppo के फोन हुए सबसे ज्यादा महंगे
रिपोर्ट में बताया गया है कि Oppo के महंगे स्मार्टफोन की कीमतों में सालाना आधार पर सबसे ज्यादा 82 से 87 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं, प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाली Apple के iPhone की कीमतें भी सालाना आधार पर 20 से 22 प्रतिशत तक बढ़ी हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने के साथ ग्राहकों की उम्मीदें भी बढ़ रही हैं। लोग अब फोन में तेज प्रोसेसर, बेहतर कैमरा, लंबी बैटरी लाइफ, मजबूत बॉडी और अच्छी आफ्टर-सेल्स सर्विस चाहते हैं। काउंटरपॉइंट का कहना है कि कुछ साल पहले भारत में एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाला स्मार्टफोन मिलना आम बात नहीं थी, लेकिन अब महंगे स्मार्टफोन की कीमतें लगातार बढ़ने से यह कीमत सामान्य होती जा रही है।
(इनपुट-भाषा)
