देश

सिद्धू मूसेवाला की तरह ही दिल्ली में इंस्टा इन्फ्लुएंसर की हत्या की थी तैयारी! साजिश हुई नाकाम, 5 पिस्टल के साथ तीन पकड़े

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। साथ ही आरोपियों के पास से पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

Image

मूसेवाला की तरह ही दिल्ली में इंस्टा इन्फ्लुएंसर की हत्या की थी तैयारी!

दिल्ली में एक बार फिर गैंगस्टर नेटवर्क के जरिए सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने की तैयारी थी। पुलिस का दावा है कि राशिद केबलवाला गैंग से कथित तौर पर जुड़े बदमाशों को इस काम की जिम्मेदारी दी गई थी। साजिश की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों के पास से पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

इस मामले में एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने के लिए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी? मूसेवाला की हत्या में भी हमलावरों ने हथियारों के साथ घात लगाकर हमला किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में इस साजिश और मूसेवाला हत्याकांड के बीच सीधे तौर पर समानता की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 5:10 बजे हजरत निजामुद्दीन की शोले वाली गली में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोका गया। तलाशी में चार पिस्टल और आठ कारतूस मिले। आगे की कार्रवाई में एक और पिस्टल बरामद हुई। दोनों आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी साहिल इदरीशी (20) और साद मलिक (22) के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि राशिद केबलवाला एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए उनसे संपर्क में था और इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग के निर्देश दिए गए थे। मोबाइल फोन से धमकी भरे वीडियो भी मिले हैं। पुलिस अब गैंग के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article