शहर

राजस्थान में बीजेपी की बड़ी हार, पंचायत चुनावों में 3419 सीटों पर जीत गई कांग्रेस, जिला परिषद में भी 311 के पार

Rajasthan Panchayat Election Result: राजस्थान में बीजेपी को पंचायत चुनावों में बड़ा झटका लगा है। बीजेपी के कई दिग्गज मंत्रियों के परिवार वाले चुनाव हार गए हैं।

Image

राजस्थान में कांग्रेस की बड़ी जीत (AI Photo)

Rajasthan Panchayat Election Result: राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बड़ा झटका दिया है। पंचायत समिति के घोषित नतीजों में कांग्रेस ने बीजेपी के मुकाबले कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई है। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 20 नवंबर को शाम 4 बजे तक 6,878 वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके थे। इनमें कांग्रेस ने 3419 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 2,040 सीटें मिलीं। यानी कांग्रेस ने बीजेपी से 1,379 ज्यादा सीटें अपने नाम कीं। यह अंतर ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस के मजबूत प्रदर्शन की ओर इशारा करता है।

दौसा से बाड़मेर तक कांग्रेस का दमदार प्रदर्शन

कांग्रेस की बढ़त कई जिलों के नतीजों में दिखाई दी। दौसा जिले की 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने नौ में बढ़त बनाई, जबकि बीजेपी किसी भी पंचायत समिति में स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर सकी। पांच पंचायत समितियों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, ऐसे में बोर्ड गठन में निर्दलीय और अन्य दलों की भूमिका अहम हो सकती है।

बाड़मेर जिला परिषद 22 सीटों पर कांग्रेस

बाड़मेर जिला परिषद की सभी 37 सीटों के नतीजों में कांग्रेस ने 22 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। बीजेपी को 10 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को पांच सीटें मिलीं। फलोदी जिला परिषद में भी कांग्रेस ने 23 में से 20 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। बीजेपी यहां महज तीन सीटों पर सिमट गई।

राजस्थान पंचायत चुनाव रिजल्ट 2026

राजस्थान पंचायत चुनाव रिजल्ट 2026

सीकर में भी कांग्रेस की जीत

सीकर जिले की पंचायत समितियों में भी कांग्रेस कई जगह आगे रही। श्रीमाधोपुर में पार्टी ने 23 में से 18 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को तीन सीटें मिलीं। नीमकाथाना में कांग्रेस ने 27 में से 20 सीटों पर कब्जा जमाया।

बीजेपी के दिग्गजों के परिवारों को झटका

चुनाव में बीजेपी के कई नेताओं के परिवारों को भी हार का सामना करना पड़ा। सीकर में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और उनके दोनों बेटे चुनाव हार गए। शांति देवी को 51 वोटों से हार मिली। नागौर में बीजेपी विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी को कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका चौधरी ने 1,539 वोटों से शिकस्त दी। अलवर में कठूमर विधायक रमेश खींची की दोनों पुत्रवधुएं भी चुनाव हार गईं।

हालांकि, बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ के परिवार को चूरू में सफलता मिली। उनके बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और पुत्रवधू कनिका सिंह ने जीत दर्ज की। दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी और बहू भी चुनाव जीतने में सफल रहीं।

चार जिलों में 17 दिसंबर को होगी मतगणना

राजस्थान के चार जिलों- कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी। इन जिलों में मौजूदा निकायों का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है। ऐसे में अभी सामने आए नतीजे पूरे प्रदेश की अंतिम तस्वीर नहीं हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article