इंदौर : खजराना थाना क्षेत्र में 14 नवंबर को एक शादी समारोह के दौरान 37 वर्षीय आसिफ अंसारी की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पटेल समाज में शादी समारोह के दौरान बड़ी और लंबी बारात निकली थी और उसमें 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जाने की चर्चा थी। नोट लुटाए जाने की खबर मिलने के बाद आसिफ भी बारात में पहुंचे थे। आसिफ मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनके तीन बच्चे हैं।
आसिफ की मौत के बाद से ही घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। एक तरफ कुछ लोगों का कहना है कि नोट लूटने की होड़ में भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच आसिफ दब गए, वहीं दूसरी ओर तेज DJ साउंड के कारण हार्ट अटैक आने की आशंका भी जताई जा रही है।
बारात में क्या हुआ?
पुलिस को शाम करीब 6 बजे बारात में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल जांच शुरू की गई। परिजनों को फोन पर जानकारी दी गई थी कि आसिफ बारात में गिर गए हैं और उन्हें पटेल हॉस्पिटल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि आसिफ की पहले ही मौत हो चुकी थी।
शुरुआत में परिवार पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता था और शव को घर ले आया था। इसके बाद खजराना थाना पुलिस ने परिजनों को कानूनी प्रक्रिया समझाई, जिसके पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मृतक के भाई इलियास ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि बारात की वीडियोग्राफी, ड्रोन फुटेज और अन्य कैमरों के रिकॉर्ड खंगाले जाएं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आसिफ के साथ वास्तव में क्या हुआ। साथ ही, सोशल मीडिया पर परिवार द्वारा पैसे लेकर मामला दबाने के आरोपों को इलियास ने सिरे से खारिज किया और ऐसी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जांच की मांग की।
वहीं, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, परिवार को बताया गया था कि आसिफ को दो बार अटैक आया था। फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मर्ग जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
