शहर

Delhi News: विकासपुरी में तेज रफ्तार ऑडी ने मोटरसाइकिल और SUV को मारी टक्कर, चालक फरार; घायल की हालत गंभीर

Delhi News: पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक और SUV को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 31 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है और कार का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार है।

Image

गुजरात नंबर की है ऑडी (सांकेतिक चित्र)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Accident: देश की राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर और विकासपुरी इलाके में रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला है। शनिवार रात एक कथित तौर पर तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक मोटरसाइकिल और एक SUV कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 31 वर्षीय एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद चालक अपनी लग्जरी ऑडी कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि गुजरात के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली यह ऑडी कार सड़क की दूसरी तरफ यानी रॉन्ग साइड पर बेहद लापरवाही से चलाई जा रही थी। पुलिस फिलहाल इस दावे की पुष्टि के लिए इलाके में लगेCCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

मछली मार्केट के पास तीन वाहन क्षतिग्रस्त

द्वारका के पुलिस उपायुक्त (DCP) कुशल पाल सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:02 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को इस हादसे की सूचना मिली थी। कॉलर ने बताया कि उसकी दिल्ली नंबर की गाड़ी को गुजरात नंबर की एक ऑडी कार ने टक्कर मार दी है और एक बाइक सवार भी इसमें गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही उत्तम नगर थाने से पुलिस टीम तुरंत विकासपुरी मछली मार्केट के पास मेन रोड पर पहुंची। मौके पर ऑडी कार, SUV और एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिले। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।

घायल बयान देने की स्थिति में नहीं

पुलिस के मुताबिक, घायल मोटरसाइकिल चालक की पहचान 31 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो विकास नगर के रहने वाले हैं। उन्हें तुरंत उत्तम नगर के माता रूप रानी मग्गो हॉस्पिटल में ले जाया गया। जब पुलिस टीम घायल का बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टरों ने उन्हें बयान देने के लिए अस्वस्थ घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद रोहिणी सेक्टर-9 के निवासी पवन कुमार शर्मा का बयान दर्ज किया है, जो इस हादसे के चश्मदीद हैं। पवन शर्मा ने बताया कि ऑडी कार बहुत तेज और लापरवाही से चलाई जा रही थी। उसने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर जाकर SUV से टकरा गई।

BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में फरार ऑडी ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 125A (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत उत्तम नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने कहा कि फरार ड्राइवर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article