शहर

दिवाली पर मुंबई में आग का तांडव: 7 दिन में 630 जगहों पर लगी आग, 450 हादसे सिर्फ पटाखों से, 2 की मौत

मुंबई में दिवाली के दौरान सात दिनों में आग लगने की 630 से ज्यादा घटनाएं हुईं, जिनमें 450 से अधिक मामले पटाखों से जुड़े थे। हादसों में आठ लोग घायल हुए और दो की मौत हो गई।

Image

मुंबई में दिवाली के दौरान सात दिनों में आग लगने की 630 से ज्यादा घटनाएं (सांकेतिक फोटो)

Mumbai Fire News: इस बार दिवाली का पावन पर्व मुंबई के लिए आफत बनकर आया। रोशनी के इस त्योहार पर शहर में जगह-जगह आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। BMC फायर ब्रिगेड के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दौरान पिछले 7 दिनों में शहर के अलग-अलग हिस्सों में 630 से ज्यादा जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुई हैं। इनमें से 450 से ज्यादा हादसे सिर्फ पटाखों की वजह से हुए। इन हादसों में आठ लोग घायल हुए, जबकि दो लोगों की जान चली गई।

कचरे, सूखे पत्तों और गाड़ियों में लगी आग

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग लगने की सबसे ज्यादा घटनाएं कचरे के ढेर, सूखे पत्तों, रिहायशी इलाकों में पार्किंग में खड़े वाहनों और झुग्गियों में हुईं। कई जगहों पर लापरवाही से छोड़े गए पटाखों की चिंगारी से बिल्डिंग के नीचे रखे कचरों में आग भड़क उठी। इसके बाद आग ने आसपास खड़ी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ मामलों में देखते ही देखते पूरी गाड़ियां जलकर राख हो गईं।

दिवाली की रात सबसे ज्यादा आए कॉल

अधिकारियों के मुताबिक, लक्ष्मी पूजन यानी दिवाली की रात फायर ब्रिगेड को 120 से अधिक कॉल मिले। मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सबसे ज्यादा आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें मुलुंड, गोरेगांव, अंधेरी, कुर्ला और दादर प्रमुख रहे। BMC फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि पटाखे फोड़ने के लिए तय समय और जगह के नियमों का पालन नहीं किया गया। लोग सोसाइटी परिसरों और खड़ी गाड़ियों के पास पटाखे फोड़ते रहे। इसी लापरवाही के कारण आग लगने की कई घटनाएं हुईं।

दो हादसों में गई जान

आग लगने की दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई। पहली दुर्घटना में झोपड़ी में आग लगने के बाद दम घुटने से एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना में पटाखों की दुकान के पास आग लगने से एक युवक झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

फायर ब्रिगेड ने लोगों से की अपील

फायर ब्रिगेड ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में दिवाली पर पटाखे खुले मैदान में ही फोड़ें। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और आसपास खड़े वाहनों, कचरे और ज्वलनशील चीजों से दूरी रखें। अधिकारियों ने पटाखे फोड़ते समय तय समय और स्थान के नियमों का पालन करने की भी सलाह दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article