शहर

Delhi News: दिल्ली सरकार का AAP और केजरीवाल पर गंभीर आरोप, बाजार से लाकर यमुना में डाली गईं मरी हुई मछलियां

Delhi News: दिल्ली में यमुना नदी में मरी मछलियां मिलने पर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने केजरीवाल पर नदी में मरी मछलियां डलवाकर सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया।

Image

मंजिदर सिंह सिरसा का केजरीवाल और AAP पर गंभीर आरोप

Delhi News: दिल्ली में यमुना नदी की सफाई और उसमें मरी हुई मछलियां मिलने को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। बीजेपी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिरसा ने दावा किया कि यमुना में मरी हुई मछलियां डालकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार से मरी हुई मछलियां लाकर नदी में डाली गईं और इसके बाद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।

सिरसा ने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार के प्रयासों से यमुना करीब 60 फीसद तक साफ हो चुकी है और नदी में फेरी सेवा भी शुरू हो गई है। उनके मुताबिक, दिल्ली के कुछ लोग यमुना की मौजूदा स्थिति देखने और वीडियो बनाने के लिए नदी किनारे जा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर मरी हुई मछलियां डालने की घटना को अंजाम दिया गया। आम आदमी पार्टी की तरफ से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है।

सिरसा ने उठाया मरी हुई सफेद मछलियों का मुद्दा

मजिंदर सिंह सिरसा ने सवाल उठाया कि जब पहले यमुना में सफेद रंग की जिंदा मछलियां दिखाई नहीं देती थीं, तो अब अचानक मरी हुई सफेद मछलियां कहां से आ रही हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी को यमुना की सफाई, प्रदूषण में कमी और दिल्ली में कूड़े के पहाड़ कम होने की बात हजम नहीं हो रही है।

सिरसा ने कहा कि यमुना की सफाई को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक कारणों से इन प्रयासों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने नदी में मछलियों की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों के पीछे की मंशा पर भी सवाल उठाए।

छठ पूजा का जिक्र कर केजरीवाल पर साधा निशाना

बीजेपी नेता ने अपने बयान में छठ पूजा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यमुना किनारे जिन महिलाओं को छठी मैया की पूजा करनी है, उनके लिए इस तरह का माहौल बनाना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में यमुना किनारे छठ पूजा करने पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही जाती थी और पूजा पर रोक लगाने वाले बोर्ड लगाए गए थे।

अंत में सिरसा ने हाथ जोड़कर अपील की कि छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान इस तरह की गतिविधियों से बचना चाहिए। उन्होंने लोगों से यमुना को बदनाम करने की कोशिश नहीं करने की अपील की।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article