Microsoft Global Outage: माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने अपने यात्रियों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। दरअस, इस आउटेज के कारण इंडिगो की ईमेल सपोर्ट सर्विस प्रभावित हुई है। ऐसे में कंपनी की ओर से कहा गया है कि अगर कोई यात्री एयरलाइन को ईमेल के जरिए अपनी समस्या बताना चाहता है तो फिलहाल उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कंपनी ने यात्रियों को दूसरे माध्यमों से संपर्क करने की सलाह दी है।
IndiGo की कौन-सी सर्विस प्रभावित?
IndiGo ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए यात्रियों को इस तकनीकी समस्या की जानकारी दी है। एयरलाइन के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक बाधा के कारण उसकी ईमेल सपोर्ट सर्विस सामान्य रूप से काम नहीं कर रही है। इसका मतलब है कि यात्रियों की ओर से भेजे गए ईमेल कंपनी तक नहीं पहुंच पाएंगे।
हालांकि, एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि उसकी दूसरी कस्टमर सपोर्ट सेवाएं पहले की तरह उपलब्ध हैं। कंपनी ने यात्रियों से इस असुविधा के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल ईमेल सर्विस दोबारा कब तक सामान्य होगी, इस बारे में कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है।
परेशानी होने पर कहां करें संपर्क?
अगर किसी यात्री को टिकट बुकिंग, फ्लाइट में बदलाव, कैंसिलेशन या रिफंड से जुड़ी कोई जरूरी जानकारी चाहिए, तो उसे ईमेल के जवाब का इंतजार करने के बजाय दूसरे उपलब्ध माध्यमों का इस्तेमाल करना होगा। इंडिगो ने ऐसे यात्रियों को अपने वर्चुअल असिस्टेंट 6E Skai की मदद लेने की सलाह दी है। यात्री एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे उन्हें अपनी बुकिंग और दूसरी जरूरी सेवाओं से जुड़ी सहायता मिल सकती है।
यात्रियों को सलाह है कि चैट शुरू करने से पहले अपना PNR नंबर और टिकट से जुड़ी जानकारी तैयार रखें। इससे उनकी समस्या का समाधान करने में आसानी हो सकती है।
Akasa Air के ईमेल सपोर्ट सर्विस में भी हो रही देरी
इसके अलावा, Akasa Air ने भी यात्रियों को जानकारी दी कि वैश्विक तकनीकी गड़बड़ी के चलते उसकी ईमेल सपोर्ट सर्विस में देरी हो रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए अपने 24 घंटे उपलब्ध रहने वाले Akasa Care Centre के नंबर +91 9606 112131 पर संपर्क करने या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी समस्या साझा करने की सलाह दी।
Microsoft की सेवाओं में क्यों आई परेशानी?
माइक्रोसॉफ्ट की Microsoft 365 सर्विस में 12 नवंबर से तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसका असर भारत समेत दुनिया के कई देशों में देखने को मिला है। इस दौरान Outlook, Microsoft Teams और Copilot जैसी सेवाओं के इस्तेमाल में यूजर्स को परेशानी हुई। आउटेज ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म Downdetector पर भी Outlook से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। इस तकनीकी समस्या के कारण कई यूजर्स को ईमेल भेजने, प्राप्त करने और अपने इनबॉक्स तक पहुंचने में दिक्कत हुई।
