एजुकेशन

IIT खड़गपुर ने रचा इतिहास, पहली बार शुरू होंगे MD के 6 स्पेशलाइजेशन कोर्स

आईआईटी खड़गपुर ने पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MD कोर्स शुरू करने की तैयारी की है। खास बात यह है कि संस्थान में एमडी की 6 अलग-अलग स्पेशलाइजेशन में कुल 12 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।

Image

आईआईटी खड़गपुर में पहली बार शुरू होंगे MD के 6 स्पेशलाइजेशन कोर्स

मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है। अब देश के प्रतिष्ठित IIT में भी डॉक्टर बनने के बाद विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मिलेगा। IIT खड़गपुर ने पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MD कोर्स शुरू करने की तैयारी की है। खास बात यह है कि संस्थान में एमडी की 6 अलग-अलग स्पेशलाइजेशन में कुल 12 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को नीट पीजी 2026 की काउंसलिंग के दूसरे राउंड में विकल्प चुनने का मौका मिलेगा।

6 पीजी कोर्सेज में 12 सीटें

यहां 6 पोस्टग्रेजुएट मेडिकल प्रोग्रामों में क्लिनिकल मेडिसिन, डायग्नोस्टिक्स और फंडामेंटल मेडिकल साइंसेज शामिल होंगे। इसमें जनरल मेडिसिन की 2 सीट, रेडियोलॉजी के 2 सीट, फिजियोलॉजी के 2, पाथोलॉजी के 2, कम्युनिटी मेडिसिन की 2 सीट और बायोकेमिस्ट्री की 2 सीटें शामिल हैं। यहां पहले बैच में भारत के किसी आईआईटी में एडमिशन लेने वाले पोस्टग्रेजुएट मेडिकल छात्र शामिल होंगे। ये प्रोग्राम आईआईटी खड़गपुर के डॉ. बी. सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर के अंतर्गत चलाए जाएंगे।

मेडिकल की पढ़ाई को इंजीनियरिंग से जोड़ना

बता दें आईआईटी खड़गपुर की योजना मेडिकल की पढ़ाई को इंजीनियरिंग, बायोमेडिकल साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की है। इसके लिए संस्थान अपनी मौजूदा रिसर्च सुविधाओं का इस्तेमाल करेगा। इससे छात्रों को AI की मदद से बीमारी की पहचान करने, मेडिकल जांच की नई तकनीकें विकसित करने, शरीर के अंदर होने वाली बीमारियों का अध्ययन करने और बेहतर इलाज के तरीके खोजने का मौका मिलेगा। इसके अलावा मेडिकल उपकरण बनाने, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच और मरीजों की जरूरत के हिसाब से इलाज तैयार करने जैसे क्षेत्रों में भी रिसर्च की जा सकेगी।

कम खर्च में लोगों का बेहतर इलाज

संस्थान का फोकस ऐसी मेडिकल तकनीक विकसित करने पर भी होगा, जिससे कम खर्च में ज्यादा लोगों को बेहतर इलाज मिल सके। इसके लिए जनसंख्या के स्वास्थ्य और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी तकनीकों पर काम किया जाएगा। आईआईटी खड़गपुर पहले से ही बायोइंजीनियरिंग, मेडिकल जांच, माइक्रोफ्लुइडिक्स और कंप्यूटर आधारित विज्ञान के क्षेत्र में रिसर्च कर रहा है। इससे नए मेडिकल कोर्स को भी मजबूती मिलेगी।
Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article