बिजनेस

बिहार का पहला म्युनिसिपल बॉन्ड NSE पर लिस्ट, मिलेगा 9.20% तक ब्याज

बिहार का पहला म्युनिसिपल बॉन्ड NSE पर लिस्ट हो गया है। आम लोग न्यूनतम 10 हजार रुपये से इसमें निवेश की शुरुआत कर सकते हैं। पटना नगर निगम अपने बॉन्ड पर 9.20% ब्याज ऑफर कर रहा है।

Image

पटना नगर निगम के बॉन्ड लिस्ट

Patna Municipal Corporation Bond : पटना नगर निगम (Patna Municipal Corporation) का पहला म्युनिसिपल बॉन्ड नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट हो गया है। इस बॉन्ड पर सालाना 9.20% ब्याज मिल रहा है। इसमें ₹10,000 के फेस वैल्यू वाले बॉन्ड से निवेश शुरू किया जा सकता है। बॉन्ड में ब्याज का भुगतान हर तीन महीने यानी तिमाही आधार पर होगा।

पटना नगर निगम ने 30 अक्टूबर को बॉन्ड जारी कर करीब ₹199.99 करोड़ जुटाए हैं। इसके बाद 10 नवंबर को इसकी NSE पर लिस्टिंग हुई। यह बिहार के किसी शहरी निकाय की ओर से जारी किया गया पहला म्युनिसिपल बॉन्ड है। NSE के मुताबिक, इस इश्यू का बेस साइज ₹100.03 करोड़ था, जबकि ग्रीन शू ऑप्शन के तहत ₹99.96 करोड़ अतिरिक्त जुटाए गए। इश्यू को बेस साइज के मुकाबले दोगुने से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला।

क्या होता है म्युनिसिपल बॉन्ड?

म्युनिसिपल बॉन्ड एक तरह का डेट सिक्योरिटी यानी कर्ज का तरीका है। इसे नगर निगम और दूसरे शहरी निकाय सड़क, पानी की सप्लाई, सीवरेज, पार्किंग, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और दूसरी नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए पैसा जुटाने के मकसद से जारी करते हैं। आसान भाषा में समझें तो जैसे केंद्र सरकार या कंपनियां बाजार से पैसा जुटाने के लिए बॉन्ड जारी करती हैं, वैसे ही नगर निगम भी निवेशकों से उधार ले सकते हैं। इसके बदले वे तय दर से ब्याज देते हैं और निर्धारित समय पर मूल रकम लौटाते हैं।

क्या काम करेगा निगम?

पटना नगर निगम इस रकम का इस्तेमाल शहर के 15 स्थानों पर विकास परियोजनाओं के लिए करेगा। इनमें वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और दूसरी सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से निगम को किराये, पार्किंग फीस और दूसरी सेवाओं के जरिए कमाई होने की उम्मीद है।

₹10000 से शुरू करें निवेश

पटना नगर निगम के बॉन्ड की खासियत यह है कि इसकी 7 अलग-अलग सीरीज हैं। प्रत्येक बॉन्ड का फेस वैल्यू ₹10,000 है। इनकी मैच्योरिटी 2030 से 2036 के बीच है। यानी निवेशक अपनी जरूरत और निवेश की अवधि के हिसाब से सीरीज चुन सकते हैं।

बॉन्ड सीरीजमैच्योरिटी
STRPP A3 नवंबर 2030
STRPP B3 नवंबर 2031
STRPP C3 नवंबर 2032
STRPP D3 नवंबर 2033
STRPP E3 नवंबर 2034
STRPP F3 नवंबर 2035
STRPP G3 नवंबर 2036
इन सभी सीरीज पर सालाना 9.20% कूपन रेट तय है और ब्याज का भुगतान तिमाही आधार पर किया जाएगा। ध्यान रहे, ₹10,000 बॉन्ड का फेस वैल्यू है। सेकेंडरी मार्केट में खरीदते समय इसकी वास्तविक कीमत बाजार की मांग और उपलब्धता के हिसाब से बदल सकती है।

NSE पर कैसे खरीद सकते हैं ये बॉन्ड?

रिटेल निवेशक इन बॉन्ड को सेकेंडरी मार्केट में खरीद सकते हैं। इसके लिए डीमैट अकाउंट और ऐसे स्टॉकब्रोकर के साथ ट्रेडिंग अकाउंट होना चाहिए जो बॉन्ड में खरीद-बिक्री की सुविधा देता हो।

खरीदने की प्रक्रिया शेयर खरीदने जैसी है। अपने ब्रोकर के ऐप या वेबसाइट पर बॉन्ड सेक्शन में जाकर Patna Municipal Corporation के बॉन्ड या संबंधित ISIN को सर्च करें। इसके बाद उपलब्ध सीरीज, मैच्योरिटी, मौजूदा कीमत और यील्ड देखने के बाद खरीद का ऑर्डर दे सकते हैं।

9.20% ब्याज देखकर न करें जल्दबाजी

म्युनिसिपल बॉन्ड में निवेश का मतलब यह नहीं है कि आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। सरकारी सिक्योरिटीज की तरह इन पर केंद्र सरकार की सॉवरेन गारंटी नहीं होती। निवेशक को ब्याज और मूल रकम का भुगतान जारी करने वाले नगर निगम की वित्तीय स्थिति और कमाई पर निर्भर करता है। इसके अलावा, सेकेंडरी मार्केट में बॉन्ड खरीदते समय सिर्फ 9.20% कूपन रेट नहीं, बल्कि यील्ड टू मैच्योरिटी (YTM) भी देखनी चाहिए। अगर बॉन्ड फेस वैल्यू से ज्यादा कीमत पर खरीदा जाता है तो वास्तविक रिटर्न कूपन रेट से अलग हो सकता है।

इस बॉन्ड के लिए India Ratings ने इश्यू को Provisional IND AA/Stable रेटिंग दी थी। हालांकि, क्रेडिट रेटिंग भुगतान की गारंटी नहीं होती और इसमें बदलाव भी हो सकता है। बॉन्ड से मिलने वाला ब्याज आमतौर पर निवेशक की इनकम टैक्स स्लैब के अनुसार टैक्सेबल होता है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article