दिल्ली

दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी – इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश, 21 करोड़ की मेथामफेटामाइन बरामद

Image

दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी – इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश, 21 करोड़ की मेथामफेटामाइन बरामद

क्राइम ब्रांच की टीम ने एक इंटरनेशनल ड्रग्स सप्लाई चेन का भंडाफोड़ करते हुए 7 किलो मेथामफेटामाइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में 6 आरोपियों को दिल्ली, ग्रेटर नोएडा और बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाइजीरियन नागरिक और एक महिला भी शामिल है।

कैसे हुआ ऑपरेशन

क्राइम ब्रांच की WR-II टीम को जानकारी मिली थी कि सुब्हैल नाम का आरोपी, जो पहले से ही NDPS मामलों में वांछित है, दिल्ली में मौजूद है। टीम ने तकनीकी और मैदानी निगरानी के बाद उसे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 6 किलो मेथामफेटामाइन बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि ये लोग ड्रग्स की बड़ी सप्लाई बेंगलुरु और केरल में कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर नाइजीरियन नागरिक टोबी डेको को मोहान गार्डन से पकड़ा, जिसके पास से और ड्रग्स मिले। जांच में पता चला कि वह लंबे समय से बेंगलुरु में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था।

टीम फिर बेंगलुरु पहुंची और वहां से सुहा फातिमा उर्फ नेहा और उसका पति मोहम्मद जाहिद को गिरफ्तार किया। आगे की कड़ी जोड़ते हुए क्राइम ब्रांच ने ग्रेटर नोएडा से नाइजीरियन नागरिक चिकवाडो न्नाके किंग्सले को भी दबोच लिया।

पूछताछ में खुलासे

सुब्हैल पहले दुबई में काम करता था, बाद में नशे का आदी हो गया और फिर धंधे में उतर गया।

सुजिन पहले कैब ड्राइवर था और आसान पैसे के लालच में ड्रग्स रैकेट से जुड़ गया।

टोबी डेको पढ़ाई के बहाने भारत आया था और फिर आईटी प्रोफेशनल्स व स्टूडेंट्स को ड्रग्स बेचने लगा।

सुहा फातिमा और उसका पति पहले छोटे स्तर पर MDMA बेचते थे, लेकिन बाद में बड़े सौदों में शामिल हो गए।

चिकवाडो न्नाके 2015 से भारत में है और नाइजीरिया से चल रहे एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

बरामदगी

कुल 6.895 किलो मेथामफेटामाइन (करीब 7 किलो) बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सुजिन के.एस., केरल

2. सुब्हैल ए.एम., केरल

3. टोबी न्वोयेके उर्फ डेको, नाइजीरिया

4. मोहम्मद जाहिद उर्फ फिरोज, बेंगलुरु

5. सुहा फातिमा उर्फ नेहा, बेंगलुरु

6. चिकवाडो न्नाके किंग्सले, नाइजीरिया

पुलिस की कार्रवाई

डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा का कहना है कि यह गिरोह खासकर बेंगलुरु और केरल में बसे युवाओं को टारगेट करता था। ये लोग “डेड ड्रॉप” तकनीक से ड्रग्स सप्लाई करते थे यानी किसी सुनसान जगह पर पैकेट छोड़ देते और लोकेशन भेज देते।

पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और इस सिंडिकेट से जुड़े बाकी लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article