शहर

एक भाई जेल में... दूसरे की नेपाल के होटल में मौत; आज रौशन आनंद की बेल पर जिला जज की कोर्ट में होगी सुनवाई

Bihar News: बिहार के सहरसा के रहने वाले और पटना ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध मौत हो गई है। दूसरी ओर रौशन अभी जेल में हैं, आज जमानत याचिका पर सुनवाई होगी।

Image

बेउर जेल में बंद रौशन आनंद की जमानत पर आज होगी बहस

Photo : Times Now Digital

Bihar News: बिहार की मशहूर 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के संचालक रौशन आनंद की जमानत याचिका पर आज सोमवार को पटना की जिला जज की अदालत में एक बेहद महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। कानूनी मोर्चे पर चल रही इस रस्साकशी के बीच, रौशन आनंद के पैतृक घर सहरसा में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जहां उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

परिजनों को सोशल मीडिया से मिली थी मौत की जानकारी

प्रिंस यादव का नाम पिछले कुछ समय से पटना के चर्चित शिक्षक 'खान सर' के साथ चल रहे एक हाई-प्रोफाइल विवाद को लेकर काफी सुर्खियों में था। रविवार सुबह सहरसा जिले के धमसेना (वार्ड संख्या-02) स्थित उनके पैतृक गांव में सोशल मीडिया के माध्यम से प्रिंस की मौत की खबर मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।

प्रिंस यादव के चाचा मनोज सिंह ने बताया कि उन्हें विराटनगर (नेपाल) स्थित एक होटल में प्रिंस की संदेहास्पद मौत की जानकारी मिली है। वहीं, चचेरे चाचा संतोष कुमार ने इस घटना पर गहरा संदेह जताते हुए कहा कि प्रिंस पूरी तरह से स्वस्थ थे, ऐसे में अचानक उनकी मौत की खबर आना गहरे षड्यंत्र की ओर इशारा करता है। परिजनों ने नेपाल और भारतीय प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

जेल में बंद हैं रौशन, घर में होने वाली थी शादी

प्रिंस यादव का परिवार इस समय बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है। प्रिंस के बड़े भाई और ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालक रौशन आनंद पहले से ही एक विवाद के सिलसिले में पटना की बेउर जेल में बंद हैं। बड़े भाई के जेल में होने के गम के बीच अब छोटे भाई की अचानक हुई मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। परिजनों ने बताया कि आगामी 29 जून को प्रिंस की चचेरी बहन की शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन इस खौफनाक खबर के बाद शादी वाले घर में पूरी तरह मातम पसर गया है।

प्रिंस यादव के चाचा संतोष कुमार ने इस घटना पर गहरा आश्चर्य और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रिंस पूरी तरह से स्वस्थ थे, ऐसे में अचानक उनकी मौत की खबर आना बेहद चौंकाने वाला और संदेहास्पद है।

रौशन आनंद की जमानत याचिका पर आज सुनवाई

रौशन आनंद की जमानत याचिका पर आज जिला जज की अदालत में बहस होगी। इससे पहले मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की अदालत ने उनकी बेल याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद मामला जिला जज के पास पहुंचा। पिछली सुनवाई में वादी पक्ष के वकील ने समय मांगते हुए सोमवार तक की मोहलत ली थी। आज इस मामले पर दोबारा बहस होगी।

इसी बीच, खान के दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत याचिका भी मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनुराग वर्मा की अदालत ने पहले ही खारिज कर दी थी। गार्ड्स के वकील ने दलील दी थी कि गोली आत्मरक्षा में चलाई गई थी, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया और कहा कि दोनों ने फायरिंग की थी, इसलिए बेल नहीं दी जा सकती। अब आज जिला जज की अदालत में उनके लिए भी नई जमानत याचिका दाखिल की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article