श्री गंगानगर जिले के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर एक बड़ी और खतरनाक साजिश का मामला सामने आया है। गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक के बीच हुए धमाके से पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रेलवे लाइन को नुकसान पहुंचाकर उड़ाने की कोशिश की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे ब्लास्ट होने की सूचना मिली। धमाका अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो मजबूत पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। पिलर के अंदर लगा सरिया भी बाहर निकल आया।
एसपी मौके पर पहुंचे, जांच एजेंसियां रवाना
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी हरि शंकर मौके पर पहुंचे। वहीं, जांच एजेंसियों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। फिलहाल धमाके की वजह और इसके पीछे की मंशा का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
