शहर

छत्तीसगढ़ बनेगा देश का टॉप टूरिस्ट डेस्टिनेशन, अमित शाह बोले- बस्तर को मिलेगी नई पहचान

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नक्सलवाद का साया छंटने के बाद अब छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास के नए द्वार खुल चुके हैं। आने वाले वर्षों में यह राज्य देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।

Image

आने वाले दिनों में देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा छत्तीसगढ़: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। नक्सलवाद के कारण लंबे समय तक बस्तर समेत प्रदेश के कई इलाकों में पर्यटन का विकास नहीं हो सका। लेकिन अब शांति और सुरक्षा का माहौल बेहतर होने से पर्यटन की नई संभावनाएं खुल रही हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

अमित शाह मंगलवार को नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन और राज्य अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस दौरान अमित शाह ने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली हस्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान दिए। साथ ही उन्होंने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की।

बस्तर के पर्यटन स्थलों को मिलेगी नई पहचान

इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सुंदरता, झरनों, घने जंगलों, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां दंतेश्वरी मंदिर, मां बम्लेश्वरी मंदिर जैसे स्थलों में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की बड़ी क्षमता है।

पर्यटन बढ़ने से युवाओं को मिलेगा रोजगार

गृह मंत्री ने कहा कि विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा भी पर्यटन की बड़ी पहचान बन सकता है। उन्होंने कहा कि बस्तर की पारंपरिक वेशभूषा, खानपान, लोकनृत्य और हस्तशिल्प को भी दुनिया भर में पहचान दिलाने की क्षमता है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से जनजातीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिल रहा है। पंथी, पंडवानी, राउत नाचा, करमा और सैला जैसे लोकनृत्य भी राज्य की पहचान हैं। गृह मंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे। इससे ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।

अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद

अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के भय से निकलकर शांति, विकास और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले दस सालों में छत्तीसगढ़ के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके विकास को नई दिशा दी है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article