Dewas Police Encounter: मध्य प्रदेश के देवास में खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर कड़ी कार्रवाई की है। अवैध शराब से भरे आयशर ट्रक से कुचलकर टीआई की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू और उसके साथी धीरज को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के सीधे पैर में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अवैध शराब का परिवहन कर रहे आयशर ट्रक के चालक ने चेकिंग के दौरान खातेगांव TI दिलीप पुरी को कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश पर SIT का गठन किया गया था और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई थीं।
भागने की कोशिश में ड्राइवर अक्कू को लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आलीराजपुर जिले से गिरफ्तार किया गया था और उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अलग-अलग रास्तों से देवास लाया जा रहा था। देवास लाते समय मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत ने बरोठा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिससे आरोपी के सीधे पैर के निचले हिस्से में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे देर रात तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया
भोपाल बायपास पर धीरज का एनकाउंटर
मुख्य आरोपी के साथी धीरज ने भी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। देवास के बैंक नोट प्रेस (BNP) थाना क्षेत्र में भोपाल बायपास के पास हुई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस उसे भी जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। देवास के सीएसपी (CSP) सुमित अग्रवाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि भागने और पुलिस पर फायरिंग करने के प्रयास के दौरान यह मुठभेड़ हुई।
