टेक एंड गैजेट्स

फोन से बार-बार डिस्कनेक्ट हो जाता है Bluetooth, इस तरह मिनटों में ठीक करें

अगर आपके फोन से Bluetooth ईयरबड्स, स्पीकर या स्मार्टवॉच बार-बार डिस्कनेक्ट हो जाते हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कई बार छोटी-सी गलती के कारण यह समस्या आती है। कुछ आसान तरीके अपनाकर आप कनेक्शन बेहतर बना सकते हैं।

Image

How to fix bluetooth

आजकल ज्यादातर लोग फोन के साथ वायरलेस ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और स्पीकर इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में Bluetooth कनेक्शन बार-बार टूटना काफी परेशान कर सकता है। गाना सुनते समय आवाज बंद हो जाती है या कॉल के दौरान कनेक्शन टूट जाता है। कई बार फोन और Bluetooth डिवाइस को बंद करके दोबारा चालू करने से समस्या ठीक हो जाती है। लेकिन अगर ऐसा करने के बाद भी परेशानी बनी रहती है, तो इसके पीछे कुछ दूसरी वजहें हो सकती हैं।

फोन और Bluetooth डिवाइस के बीच दूरी कम करें

Bluetooth कनेक्शन टूटने की सबसे आम वजह दोनों डिवाइस के बीच ज्यादा दूरी होना है। आमतौर पर Bluetooth की रेंज करीब 33 फीट तक होती है। हालांकि, यह डिवाइस और Bluetooth वर्जन पर निर्भर करती है। अगर आप फोन से कनेक्टेड स्पीकर या ईयरबड्स से काफी दूर चले जाते हैं, तो सिग्नल कमजोर हो सकता है। इसके अलावा बीच में मोटी दीवार या कोई बड़ी चीज होने से भी कनेक्शन प्रभावित हो सकता है। इसलिए दोनों डिवाइस को पास रखकर इस्तेमाल करें।

Wi-Fi राउटर से भी हो सकती है परेशानी

Bluetooth और कई Wi-Fi डिवाइस 2.4GHz फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में आसपास बहुत सारे वायरलेस डिवाइस होने पर सिग्नल में रुकावट आ सकती है। अगर आपको लगता है कि Wi-Fi के कारण Bluetooth कनेक्शन टूट रहा है, तो अपने डिवाइस को राउटर से थोड़ा दूर ले जाकर देखें। जरूरत पड़ने पर राउटर को रीस्टार्ट भी कर सकते हैं।

किसी दूसरे फोन से कनेक्ट तो नहीं है डिवाइस?

कई Bluetooth डिवाइस एक समय में सिर्फ एक फोन से कनेक्ट हो पाते हैं। अगर आपका स्पीकर या ईयरबड्स पहले किसी दूसरे मोबाइल से पेयर था, तो वह अपने आप उस फोन से कनेक्ट होने की कोशिश कर सकता है। इससे मौजूदा कनेक्शन टूट सकता है। ऐसे में पुराने फोन का Bluetooth बंद करें और जरूरत न होने पर उसकी पेयरिंग लिस्ट से डिवाइस को हटा दें।

कम बैटरी और पुराना Bluetooth वर्जन भी वजह

Bluetooth ईयरबड्स, स्पीकर या स्मार्टवॉच की बैटरी कम होने पर भी कनेक्शन में परेशानी आ सकती है। इसलिए सबसे पहले डिवाइस की बैटरी चेक करें। अगर डिवाइस काफी पुराना है, तो उसका Bluetooth वर्जन भी कनेक्शन की स्थिरता को प्रभावित कर सकता है।

इन आसान तरीकों से ठीक करें समस्या

अगर Bluetooth बार-बार डिस्कनेक्ट हो रहा है, तो फोन और दूसरे डिवाइस का Bluetooth बंद करके दोबारा चालू करें। जरूरत पड़ने पर दोनों डिवाइस को रीस्टार्ट करें और फिर से पेयर करें। फोन की Bluetooth सेटिंग में जाकर पुराने और इस्तेमाल न होने वाले डिवाइस को रिमूव कर दें। इन तरीकों के बाद भी समस्या बनी रहती है, तो फोन और Bluetooth डिवाइस के सॉफ्टवेयर अपडेट चेक करें। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप बार-बार कनेक्शन टूटने की परेशानी से बच सकते हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article