Agra Airport: ताजनगरी आगरा से दूसरे शहरों में जाने वाले व्यापारी और अन्य लोगों के लिए अच्छी खबर है। आगरा से मध्यप्रदेश के इंदौर और गोवा के लिए फ्लाइट का संचालन जल्द हो सकता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक के पास कुछ लोगों ने ऐसा प्रस्ताव भेजा था। इस पर एयरपोर्ट निदेशक ने विमान कंपनी इंडिगो को यह प्रस्ताव भेजा है। सेवा के शुरू होने से पर्यटन के साथ-साथ व्यापारिक दृष्टि से भी काफी फायदा मिलेगा। आपको बता दें कि गोवा से आगरा के लिए पहले एक फ्लाइट का संचालन हुआ था, लेकिन यह फ्लाइट एक दिन आई, इसके बाद आगे इसका संचालन नहीं हुआ।
विमानन कंपनी इंडिगो अभी आगरा से लखनऊ, अहमदाबाद, बैंगलूरू, मुंबई और भोपाल के लिए हवाई सेवा का संचालन कर रही है। यह विमान सेवाएं हफ्ते में तीन से चार दिन हैं। गोवा और बीकानेर के लिए भी फ्लाइट शुरू की गई थी, लेकिन बाद में यह बंद हो गई थी।
