Share Market News: भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते बड़ी गिरावट रही। मार्केट लगातार टूटने से सेंसेक्स में करीब 2600 अंकों की गिरावट आई। ऐसे में सोमवार से शुरू हो रहे हफ्ते को लेकर निवेशकों में डर का माहौल है। अगर आप भी शेयर बाजार में निवेश करते हैं और आइए जानते हैं कि बाजार की चाल कैसी रहेगी? मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि छुट्टियों से प्रभावित इस सप्ताह में शेयर बाजार की चाल आरबीआई के ब्याज दर संबंधी फैसले, शुल्क संबंधी घटनाक्रम, वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों के रुख से तय होगी। औद्योगिक उत्पादन और एचएसबीसी पीएमआई विनिर्माण आंकड़ों जैसे व्यापक आर्थिक रुझानों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। शेयर बाजार दशहरा और महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे।
आरबीआई के नीतिगत निर्णय पर नजर रहेगी
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अनुसंधान) अजीत मिश्रा ने कहा कि बाजार एक ऐसे सप्ताह में प्रवेश कर रहा है, जहां कई आंकड़े आने हैं। घरेलू और वैश्विक दोनों ही संकेतक बाजार की चाल तय करेंगे। घरेलू मोर्चे पर, औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों और आरबीआई के नीतिगत निर्णय पर नजर रहेगी। इसके साथ ही सितंबर के वायदा-विकल्प अनुबंधों की समाप्ति के कारण अस्थिरता बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर किसी खबर से बाजार प्रभावित होगा।
अमेरिका-भारत व्यापार संबंधों पर सभी की निगाह
वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने के लिए बातचीत जारी रखने का निर्णय लिया है। स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ''इस समय, सभी की निगाहें अमेरिका-भारत व्यापार संबंधों पर टिकी हैं। घरेलू मोर्चे पर, एक अक्टूबर को आने वाली आरबीआई की नीति घोषणा महत्वपूर्ण है।''
उन्होंने बताया कि आईआईपी के आंकड़े और त्योहारी सत्र में बिक्री के रुझान भी बाजार को प्रभावित करेंगे।
सेंसक्स छह दिन में 2,600 अंक गिरा
अमेरिका की वीजा पाबंदियों, नए टैरिफ और लगातार विदेशी निवेशकों के पैसे निकलने से भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार छठे दिन गिरावट में बंद हुआ। IT शेयर पहले ही कमजोर थे, जब से वॉशिंगटन ने H-1B वीज़ा आवेदन शुल्क प्रति आवेदक $1,00,000 कर दिया। अब फार्मा सेक्टर पर भी दबाव बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिका ने ब्रांडेड दवाओं पर नए टैरिफ लगाए हैं। बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 733.22 अंक या 0.9% गिरकर 80,426.46 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 236.15 अंक या 0.95% गिरकर 24,654.70 पर बंद हुआ। 19 सितंबर से अब तक सेंसेक्स 2,587 अंक या 3.16% और निफ्टी 769 अंक या 3% घट चुका है। बड़े शेयरों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में और तेज गिरावट देखी गई। Nifty Midcap100 और Smallcap100 शुक्रवार को दोनों 2% से अधिक गिर गए। पिछले छह सत्रों की इस तेज गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में लगभग ₹15.63 लाख करोड़ की कमी आ गई। बीएसई की सभी लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 19 सितंबर को ₹466.89 लाख करोड़ से घटकर शुक्रवार को ₹451.25 लाख करोड़ रह गया।
