देश

श्रीलंका मानव तस्करी मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, इंटरपोल के रेड नोटिस पर पकड़ा गया आरोपी इमरान

यह मामला मंगलुरु में स्थानीय पुलिस की छापेमारी के बाद सामने आया था। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ जगहों पर श्रीलंका के नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मामले का खुलासा किया था।

Image

श्रीलंका मानव तस्करी मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, (File photo)

Photo : PTI

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने श्रीलंका के नागरिकों की मानव तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी पुडुमदम इमरान (A-15) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ NIA के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था।

आरोपी को श्रीलंका में हिरासत में लिया गया था

NIA के मुताबिक, आरोपी को श्रीलंका में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेजा, जहां पहुंचते ही NIA ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी का आरोप है कि इमरान श्रीलंकाई नागरिकों को वैध दस्तावेजों के साथ कनाडा भेजने का झांसा देने वाली साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था। इस बहाने उसने पीड़ितों के परिवार और रिश्तेदारों से पैसे वसूले थे। इसके बाद उसने हवाला नेटवर्क के जरिए भारत में मौजूद अपने सह-आरोपियों तक रकम पहुंचाई, ताकि मानव तस्करी और पीड़ितों को बंधक बनाकर रखने की गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके।

यह मामला मंगलुरु में स्थानीय पुलिस की छापेमारी के बाद सामने आया था। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ जगहों पर श्रीलंका के नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मामले का खुलासा किया था। इस संबंध में साल 2021 में क्राइम नंबर 103/2021 के तहत IPC, विदेशी नागरिक अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

बाद में 13 जुलाई 2021 को NIA ने इस मामले को अपने हाथ में लेते हुए RC-17/2021/NIA/DLI के तहत दोबारा केस दर्ज किया। इसमें IPC की धारा 120B (आपराधिक साजिश), 370 (मानव तस्करी) और 420 (धोखाधड़ी), विदेशी नागरिक अधिनियम की धारा 14 और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1A) लगाई गईं।

पहले भी दो फरार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

NIA के मुताबिक, इस मामले में इससे पहले दो फरार आरोपियों सिनी आबुल खान (A-9) को 2024 में और इमरान खान (A-7) को 2025 में गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपी फिलहाल बेंगलुरु की विशेष NIA अदालत में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। ताजा गिरफ्तारी के बाद एजेंसी अब इस मामले में आरोपी की भूमिका और मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाएगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article