बिजनेस

Sensex 319 अंक टूटा, Nifty 25150 के नीचे बंद, 3 वजहों से थमी बाजार की रफ्तार

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बिकवाली हावी रही। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 319 और निफ्टी 155 अंक लुढ़ककर बंद हुआ है। मोटे तौर पर तीन वजहों से बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लगे हैं।

Image

शेयर बाजार में गिरावट

Stock Market Closing Bell Nifty Sensex : शुक्रवार, 13 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबार के अंत में Sensex 318.56 अंक यानी 0.39% टूटकर 81,592.45 पर आ गया। वहीं Nifty में 155.05 अंक यानी 0.61% की गिरावट रही और यह 25,144.30 पर बंद हुआ। बाजार में बिकवाली का दबाव ज्यादा रहा और Nifty के 50 में से 38 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि सिर्फ 11 शेयरों में तेजी रही।

कारोबार के दौरान बाजार में बिकवाली का दबाव इतना बढ़ा कि Sensex 81,288.75 के निचले स्तर तक पहुंच गया था। हालांकि, आखिरी कारोबारी घंटों में इसमें कुछ रिकवरी देखने को मिली। यह 81,592.45 पर बंद हुआ। इसी तरह Nifty ने 25,054.40 का इंट्राडे लो छुआ और फिर संभलकर 25,144.30 पर बंद हुआ।

बाजार में बिकवाली का दबाव

शुक्रवार को मार्केट ब्रेड्थ भी कमजोर रही। NSE पर कारोबार करने वाले 3,721 शेयरों में से 2,179 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 1,446 शेयरों में तेजी रही। इसी तरह BSE पर 4,672 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,459 शेयर गिरावट के साथ और 1,971 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। 242 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

सीमेंट, रियल्टी और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

सेक्टरवार प्रदर्शन देखें तो Nifty Cement सबसे ज्यादा 1.81% गिरकर बंद हुआ। Nifty Realty में 1.39%, Nifty Auto में 1.07% और Nifty Metal में 0.98% की गिरावट रही। इसके अलावा Nifty Bank 0.79%, Nifty IT 0.72% और Nifty Financial Services 0.72% टूटे। दूसरी ओर, Nifty Midcap Select 0.17% की बढ़त के साथ बंद हुआ। Nifty MidSmall IT & Telecom में 0.23% की तेजी रही। FMCG इंडेक्स लगभग स्थिर रहा और 0.01% की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

तीन वजहों से बिगड़ा मूड

बाजार पर दबाव की बड़ी वजह कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और महंगाई को लेकर चिंता रही। अक्टूबर में भारत की रिटेल महंगाई दर बढ़कर 6.09% पहुंच गई, जो RBI की 6% की ऊपरी टॉलरेंस लिमिट से ज्यादा है। इससे ब्याज दरों में सख्ती की आशंका बढ़ी है।

वहीं, ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है। सऊदी अरब के ऊर्जा ढांचे पर हमलों और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग बाधाओं की आशंका ने तेल की कीमतों को सहारा दिया। इन दोनों वजहों ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता पर दबाव डाला। इसके अलावा मुनाफा वसूली, बॉन्ड यील्ड और रुपये की गिरावट जैसे फैक्टर ने भी गिरावट को हवा दी है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article