बिजनेस

Haldiram IPO: 2027 में शेयर बाजार में होगी एंट्री! ₹10,000 करोड़ जुटाने की तैयारी, ₹1 लाख करोड़ वैल्यूएशन पर नजर

भुजिया के लिए मशहूर हल्दीराम अगले साल बाजार में उतरने की तैयारी में है। कंपनी अगले साल आईपीओ के जरिये ₹10,000 करोड़ जुटाएगी और ₹1 लाख करोड़ वैल्यूएशन पर नजर है।

Image

हल्दीराम आईपीओ की तैयारी

Haldiram IPO : देश के मशहूर नमकीन और स्नैक्स ब्रांड Haldiram को अब शेयर बाजार में एंट्री कराने की तैयारी शुरू हो गई है। कंपनी अपना Initial Public Offering (IPO) लाने की दिशा में औपचारिक कदम उठा चुकी है। इस IPO के जरिए करीब ₹10,000 करोड़ (लगभग 1 अरब डॉलर) जुटाने की योजना है। कंपनी की संभावित वैल्यूएशन ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा आंकी जा रही है। अगर यह योजना तय समय के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो Haldiram की शेयर बाजार में लिस्टिंग 2027 के आखिरी महीनों में हो सकती है।

EY को सौंपी IPO की जिम्मेदारी

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Haldiram Snacks Food ने IPO की तैयारियों के लिए प्रोफेशनल सर्विसेज कंपनी EY को नियुक्त किया है। EY को प्रॉजेक्ट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी दी गई है। इसका काम IPO से जुड़ी प्रक्रियाओं, नियमों के अनुपालन और कंपनी के अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल सुनिश्चित करना होगा। कंपनी के एक अधिकारी के मुताबिक, हल्दीराम का कारोबार काफी विविध और जटिल है। ऐसे में IPO की तैयारी में 6 से 12 महीने या उससे ज्यादा समय भी लग सकता है। फिलहाल कंपनी की योजना 2027 के आखिर तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की है।

IPO में फ्रेश इश्यू और OFS दोनों होंगे

Haldiram का प्रस्तावित IPO दो हिस्सों में आ सकता है। इसमें नए शेयर जारी करने के साथ मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी की बिक्री यानी ऑफर फॉर सेल (OFS) भी शामिल होगी। फ्रेश इश्यू के जरिए जुटाई गई रकम कंपनी के पास जाएगी, जबकि OFS के तहत बिकने वाले शेयरों से मिलने वाला पैसा मौजूदा निवेशकों और शेयरधारकों को मिलेगा।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ₹10,000 करोड़ के प्रस्तावित इश्यू में फ्रेश इश्यू और OFS का अनुपात कितना होगा। कंपनी ने अभी तक SEBI के पास IPO के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) दाखिल नहीं किया है। इसलिए इश्यू का आकार, वैल्यूएशन और लिस्टिंग की तारीख बदल भी सकती है।

बड़े दिग्गज निवेशकों का दांव

Haldiram में दुनिया के कई बड़े निवेशकों की हिस्सेदारी है। इनमें सिंगापुर की Temasek, UAE की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC), Alpha Wave Global और अमेरिकी निवेशक L Catterton शामिल हैं। मार्च-अप्रैल 2025 में Temasek, Alpha Wave Global और IHC ने कंपनी में निवेश किया था। उस समय इन निवेशों के आधार पर Haldiram की वैल्यूएशन करीब 10 अरब डॉलर यानी लगभग ₹85,000 करोड़ आंकी गई थी।

₹7,762 करोड़ का रेवेन्यू

Haldiram का कारोबार सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। कंपनी की मौजूदगी कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी है। भारत में पैकेज्ड स्नैक्स की बढ़ती मांग और विदेशों में विस्तार की संभावनाओं ने वैश्विक निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया है। CRISIL Ratings की रिपोर्ट के मुताबिक, Haldiram Snacks Food ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही (H1 FY26) में ₹7,762 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन करीब 19% रहा।

CRISIL को वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के रेवेन्यू में 9-10% की ग्रोथ की उम्मीद थी। हालांकि, दिल्ली और नागपुर के कारोबार के एकीकरण से जुड़ी शुरुआती चुनौतियों और अमेरिका के टैरिफ के कारण निर्यात प्रभावित होने का असर भी देखने को मिला। CRISIL का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार, एक्सपोर्ट बढ़ने और नए प्रोडक्ट लॉन्च से कंपनी की ग्रोथ बनी रह सकती है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article