क्रिकेट

IND vs PAK, U19 Asia Cup Final: भारत पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत आज, आर्यवीर सहवाग और ईशान सूद पर रहेगा जीत का दारोमदार

ओमान में आयोजित हो रहे एसीसी अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत आज होने जा रही है। जानिए किसका पलड़ा है भारी और किसके हाथ लग सकती है बाजी?

Image

इंडिया अंडर-19 बनाम पाकिस्तान अंडर-19, फाइनल मैच प्रीव्यू

अल अमेरात (ओमान): भारत को अगर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतना है तो उसे मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा जिसमें आर्यवीर सहवाग और ईशान सूद जैसे खिलाड़ियों की भूमिका अहम होगी। पिछले साल पाकिस्तान ने भारत को 151 रन से हराकर अपना दूसरा खिताब जीता था। भारतीय टीम की निगाह उस हार का बदला चुकता करने और नौवीं बार ट्रॉफी जीतकर अपने रिकॉर्ड को और बेहतर करने पर होगी।

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अब तक चार मैचों में 101 के औसत से 303 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वह अब तक टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। मजबूत कद-काठी वाले तेज गेंदबाज सूद ने अपनी तेज गति का अच्छा इस्तेमाल करते हुए चार मैचों में 11 विकेट लिए हैं और भारत की गेंदबाजी उन पर काफी निर्भर है। लेकिन इन दोनों के अलावा कप्तान लक्ष्य रायचंदानी, विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़, मध्य क्रम के बल्लेबाज अर्जुन राजपूत और वीके विनीत जैसे खिलाड़ियों ने अब तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं दिखाई है।

गेंदबाजी में सूद के कंधों पर होगी जिम्मेदारी

रायचंदानी और राजपूत ने हालांकि एक-एक अच्छी पारियां खेली हैं। राजपूत ने जहां ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ शतक बनाया था, वहीं रायचंदानी ने अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 93 रन की शानदार पारी खेली थी। इस मैच में विनीत ने भी अर्धशतक बनाया था। जहां तक भारतीय गेंदबाजी का सवाल है तो अभी तक सूद ने ही अधिकांश जिम्मेदारी संभाली है। सूद को स्पिनरों राजपूत और मनल चौहान से और अधिक सहयोग की जरूरत होगी। इन दोनों ने अभी तक पांच-पांच विकेट लिए हैं, लेकिन उनमें से तीन विकेट एक ही मैच में आए हैं।

उस्मान खान और रिजवानुल्लाह ने मचाया है पाकिस्तान के लिए धमाल

पाकिस्तान के लिए उस्मान खान (238 रन) और तेज गेंदबाज रिजवानुल्लाह (11 विकेट) शीर्ष प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं। लीग चरण में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले हमजा जहूर फिर से अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक होंगे। रिजवानुल्लाह के अलावा पाकिस्तान के पास मोहम्मद सैयाम (08 विकेट) और अली रजा (06 विकेट) जैसे अच्छे गेंदबाज भी हैं।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारत अंडर19:

लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उप-कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सवसानी, मोहित उलवा, काव्या पटेल, शविन विनोद, इशान सूद।

पाकिस्तान अंडर 19:

फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसन, उस्मान खान, हयाम खान, हसनैन अब्बास डार, जहांगीर बिलाल, अहमद हुसैन, नकाब शफीक, हमजा जहूर, अब्दुल सुभान, अली रजा, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह, अब्दुल कादिर।

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article