शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में विपक्षी नेताओं, सत्ताधारी गठबंधन के कुछ सदस्यों, मंत्रियों और पत्रकारों के फोन को अलग-अलग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करके टैप या हैक किया जा रहा है।
आदित्य ने पुणे में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सरकार को तय करना चाहिए कि ऐसी प्रणालियां आतंकवादियों और अपराधियों पर नजर रखने के लिए हैं या फिर राजनीतिक विरोधियों और यहां तक कि अपने ही साथियों को निशाना बनाने के लिए।
उन्होंने आरोप लगाया, 'सभी जानते हैं कि विपक्षी नेताओं, सत्ताधारी गठबंधन के कुछ सदस्यों, मंत्रियों और पत्रकारों के फोन टैप या हैक किए जा रहे हैं।' दित्य ने कहा कि महंगाई, डेटा सेंटर, उद्योगपतियों को जमीन सौंपने और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक चर्चाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने छठ पूजा से पहले मुंबई में लोकल ट्रेन में भोजपुरी गाने बजाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के विवादों के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार का हाथ है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:'शरद पवार गुट में वापसी करेंगे सुनेत्रा पवार गुट के 20-22 विधायक', संजय राउत के दावे ने मचाई सियासी हलचल
आदित्य ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार ने कोविड-19 महामारी के दौरान प्रवासी कामगारों का ख्याल रखा था, जबकि उनके अपने राज्यों की सरकारें उन्हें वापस लाने के लिए तैयार नहीं थीं।उन्होंने प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार आंकड़ों में हेरफेर कर रही है।आदित्य ने दावा किया, 'देश में प्रदूषण से संबंधित डेटा की सत्यता की कमी है। यही बात गरीबी और जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) के आंकड़ों पर भी लागू होती है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की आधिकारिक रीडिंग 500 तक सीमित रखी गई है, जबकि प्रदूषण का वास्तविक स्तर इससे कहीं ज्यादा है।'
'दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 99 भारत में हैं'
उन्होंने कहा कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 99 भारत में हैं।आदित्य ने प्रदूषण के मुद्दे को गंभीरता से लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि एक तरफ सूखा और दूसरी तरफ बढ़ता प्रदूषण, उचित योजना और संतुलन की आवश्यकता को उजागर करते हैं।आदित्य ने चेतावनी दी कि विकास के लिए टिकाऊ दृष्टिकोण न अपनाने से गंभीर सामाजिक, राजनीतिक और कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के विलय की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह अन्य पार्टियों के घटनाक्रमों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।आदित्य ने आरोप लगाया कि जंगलों को काटा जा रहा है और जमीन अदाणी समूह को सौंपी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सह्याद्रि पहाड़ियों के कुछ हिस्सों की खुदाई करने और उन्हें इस समूह को सौंपने की कोशिशें की जा रही हैं।
