शहर

Delhi Pollution : जहरीली हवा के आगे बेबस दिल्ली! 50% कर्मचारी करेंगे वर्क फ्रॉम होम; 500 के रडार पर AQI

Delhi Air Pollution : दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पर्यावरण और परिवहन मंत्री ने अपने विभागों के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के निर्देश दिए हैं। ग्रैप-3 के तहत यह व्यवस्था लागू करने का विकल्प दिया गया है।

Image

दिल्ली में 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम का निर्देश (फोटो-AI)

Delhi Air Pollution : दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सरकार ने 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने विभागों के आधे कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा है। वहीं, परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने भी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और सूचना प्रौद्योगिकी समेत अपने अधीन आने वाले विभागों में यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सिरसा के पास पर्यावरण के अलावा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उद्योग तथा वन एवं वन्यजीव विभाग की जिम्मेदारी भी है। अधिकारियों के मुताबिक, विभागाध्यक्ष अपने स्तर पर कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने का फैसला ले सकते हैं। हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है।

50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने का विकल्प

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण के तहत दिल्ली और एनसीआर की राज्य सरकारों से सरकारी, नगर निकाय और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ कामकाज कराने को कहा है। बाकी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने का विकल्प दिया गया है।

ग्रैप का तीसरा चरण तब लागू किया जाता है, जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 401 से 450 के बीच पहुंच जाता है। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में मानी जाती है।

दिल्ली में कई जगह AQI 400 के पार

शुक्रवार को दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। शाम चार बजे राजधानी का एक्यूआई 373 रहा। हालांकि, सुबह प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। सुबह 6:05 बजे एक्यूआई 403 दर्ज किया गया। सुबह आठ और नौ बजे भी यह इसी स्तर पर बना रहा।

दिल्ली के 59 निगरानी केंद्रों में से 16 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। बाकी केंद्रों में से दिल्ली कैंट को छोड़कर सभी जगह हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। दिल्ली कैंट में एक्यूआई मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।

आईआईटी दिल्ली में सबसे अधिक 452 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 446, नरेला और पूसा में 437-437 तथा पंजाबी बाग में 431 एक्यूआई रहा।

लोगों ने सांस लेने में परेशानी बताई

राजधानी में दिनभर धुंध की घनी परत छाई रही। सुबह के समय इसका असर ज्यादा देखने को मिला और कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई। प्रतिकूल मौसम और हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषक तत्व जमीन के करीब जमा रहे। प्रदूषण के कारण कई लोगों ने सांस लेने में परेशानी की शिकायत की। लोगों ने गले में खराश, लगातार खांसी, सीने में तकलीफ और सांस फूलने जैसी समस्याएं बताईं। कुछ लोगों ने घर के अंदर भी सांस लेने में दिक्कत होने पर चिंता जताई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article